जयपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय की ओर से पांच वर्षीय हज-2023 की नई पॉलिसी जारी कर दी है। इसके साथ ही हज यात्रा के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। नई हज पॉलिसी के तहत अब हज यात्रियों को सफर में कई रियायतें मिलेगी। हज का सफर लगभग 50 हजार रुपए सस्ता होने के साथ ही देश से हज-2023 के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। राजस्थान राज्य हज कमेटी के अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए यात्रियों को पूरे एक महीने यानि 10 मार्च तक आवेदन का समय मिलेगा। हर व्यक्ति से 300 रुपए शुल्क नहीं लेने से हाजियों के चार करोड़ 35 लाख रुपए बचेंगे।
देशभर से जाएंगे एक लाख 45 हजार यात्री
जानकारी के मुताबिक देश से इस साल एक लाख 75 हजार यात्रियों का कोटा तय हुआ है। 80 प्रतिशत यात्रियों यानि एक लाख 45 हाजियों को सफर का मौका मिलेगा। 20 फीसदी सीटे निजी टूर ऑपरेटरों को दी जाएंगी। सूटकेस, बैग, छाता, चादर का पैसा जमा नहीं कराया जाएगा। सामान को अपने स्तर से खरीद सकेंगे। जल्द मशीन रीडेबल इंटरनेशनल पासपोर्ट, राशि, दस्तावेज तैयार रखें। जयपुर में यात्रियों के ठहराव स्थल कर्बला में हज हाउस पर विकास कार्यों को समय से पूरा करवाया जाएगा।
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की जांच होगी मान्य
आवेदन के लिए यह जरूरी है कि पासपोर्ट की समय सीमा 31 दिसंबर तक होनी चाहिए, इससे कम वक्त के पासपोर्ट पर हज आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसके अलावा वैक्सीनेशन को भी जरूरी किया गया है। वहीं इस बार हज पर जाने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच सिर्फ सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही होगी, निजी अस्पताल की जांच मान्य नहीं होगी। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने स्वास्थ मंत्रालय से इस सिलसिले में बात की है। हर राज्य की हज कमेटी से एक अधिकारी भी हज पर जाएगा। हज पर जाने वाले लोगों के लिए 25 एमबार्गेशन पॉइंट बनाए गए हैं।
व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा
हज पर जाने वाले आवेदनकर्ता निशुल्क आवेदन कर सकते हैं। इस बार कई रियायतें भी दी गई है। जल्द से जल्द रीडबेल पासपोर्ट तैयार करवा लें या उसे रिन्यू करवाएं। प्रदेश के हज यात्री जयपुर से उड़ान भरेंगे। सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
—अमीन कागजी, चेयरमैन, राजस्थान राज्य हज कमेटी