
पहले विधायक, फिर सांसद और अब विधायक के साथ उप मुख्यमंत्री तक का सफर तय करने वाली दियाकुमारी का कहना है कि भाजपा राजस्थान को समग्र विकसित राज्य बनाने की दिशा में कार्य करेंगी। इसके लिए पूरी भाजपा एकजुट है। भाजपा विधायक दल की बैठक में उप मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद बुधवार को सिविल लाइंस आवास पर बातचीत में उन्होंने कहा कि पांच वर्ष में कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को खोखला करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में भाजपा सरकार कार्य करेगी। दियाकुमारी ने विधानसभा चुनाव 2023 जयपुर शहर की विद्याधर नगर सीट से बड़े अंतर से जीता है। नए चेहरों को कमान सौंपे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सतत प्रक्रिया है। यहां कर्मठ कार्यकर्ताओं को सम्मान और मौके दिए जाते हैं।
सवाल : राजस्थान के विकास का क्या रोड मेप होना चाहिए ?
जवाब : यह तो साफ है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पिछले पांच वर्षों में कोई विकास नहीं हुआ, बल्कि प्रदेश की दुर्गति हुई है। अब हमारी सरकार आई है तो हमारा पूरा फोकस राजस्थान को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर रहेगा। पर्यटन, शिक्षा, उद्योग, शहरी और ग्रामीण विकास, इन्फ्रास्ट्रक्चर से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक, कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा।
सवाल : नई सरकार की पहली प्राथमिकताएं क्या होंगी ?
जवाब : यह सब बातें सरकार का गठन होने के बाद ही करनी चाहिए। लेकिन राजस्थान के समग्र विकास, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था को सुधारने की दिशा में कार्य होगा। केन्द्र सरकार की योजनाएं जो राजस्थान तक नहीं पहुंच रही थी वो पहुंचाने का काम करेंगे। कांग्रेस सरकार ने राज्य को पूरा खोखला ही छोड़ दिया। हम राज्य को विकसित बनाने की दिशा में काम करेंगे। पांच वर्ष से जो विकास रुका हुआ था। राज्य की जनता जिन योजनाओं से वंचित थी, उनका फायदा लोगों को दिलाएंगे। इसके अतिरिक्त, आधारभूत सुविधाओं, समाज कल्याण योजनाओं पर भी पूरा ध्यान रहेगा। जनता का हित हमारे लिए सर्वोपरि है।
सवाल : आपको नई जिम्मेदारी मिली है, क्या इसकी उम्मीद थी ?
जवाब : हम सभी पार्टी के सिपाही हैं। अपनी जनता और पार्टी के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित और एकजुट होकर कार्य करते हैं। पार्टी नेतृत्व ने मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, वह पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास किया है और भविष्य में भी करती रहूंगी। पहले मेरा उद्देश्य अच्छे मार्जिन के साथ चुनाव जीतना था। अब पार्टी ने मुझे यह नई जिम्मेदारी दी है। अब मेरा पूरा फोकस अपने विधानसभा क्षेत्र और नई जिम्मेदारी को निभाने पर रहेगा।
सवाल : महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम क्या होने चाहिए?
जवाब : कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के दौरान प्रदेश में महिला सुरक्षा बड़ा मुद्दा रहा है। यह बेहद शर्म की बात है कि राजस्थान देश की रेप कैपिटल बन गया है। यह इसलिए कि अपराधियों में से डर बिल्कुल खत्म हो चुका है। कांग्रेस राज में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और आमजन में भय व्याप्त है। हमारी सरकार का प्रयास रहेगा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई हो और फास्ट ट्रैक द्वारा जल्द से जल्द सजा मिले, ताकि आमजन में पुलिस और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़े।
Published on:
14 Dec 2023 11:39 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
