21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

हरियाळो राजस्थान अभियान: जयपुर के पोद्दार स्कूल में हुआ पौधारोपण, बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

Harialo Rajasthan Campaign: जयपुर के राजा रामदेव पोद्दार स्कूल में राजस्थान पत्रिका के 'हरियाळो राजस्थान' अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
2 min read
Google source verification
Harialo Rajasthan Campaign

गांधी सर्किल स्थित पोद्दार स्कूल में हरियालो राजस्थान कार्यक्रम। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी आए। फोटो अनुग्रह सोलोमन।

Tree Plantation Jaipur: राजस्थान पत्रिका के 'हरियाळो राजस्थान' अभियान के तहत अशोका फाउंडेशन के तत्वावधान में मंगलवार को जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्कल के राजा रामदेव पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 8 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने भी उत्साह के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

कार्यक्रम में भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. धीरज जैन अति विशिष्ट अतिथि तथा शिक्षा विभाग, जयपुर संभाग की संयुक्त निदेशक मंजू शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधे लगाए और उन्हें प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण भी किया गया, ताकि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने में योगदान दे सकें।

बच्चों से ही शुरू होगी हरियाली की नई पहल

अशोका फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. सोनिया धीरज जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत बच्चों से होनी चाहिए। यदि बचपन से ही प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाए तो आने वाली पीढ़ियां एक स्वच्छ और हरित भविष्य का निर्माण कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पौधों की सुरक्षा और उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया।

हरियाली बढ़ाने के अभियान को मिला जनसमर्थन

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अशोका फाउंडेशन के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। 'हरियाळो राजस्थान' अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और प्रदेश में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाने के साथ हुआ।