
हत्या का आरोपी हमंत लांबा व मृतक मंगेतर दीप्ति
जयपुर. चंदवाजी में गोली मार हत्या करने वाले आरोपी हेमंत लांबा के जयपुर ग्रामीण पुलिस ने सूरत में होने की पुख्ता जानकारी जुटाई। फिर सूरत पुलिस ने जयपुर पुलिस की सूचना पर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। सूरत पुलिस की पूछताछ में आरोपी हेमंत ने इनोवा चालक देवेन्द्र सिंह की हत्या करना कबूला, साथ में दिल्ली निवासी मंगेतर दीप्ति की भी हरियाणा के धारूहेड़ में गोली मार हत्या करना बताया। इस पर सूरत पुलिस ने हरियाणा पुलिस से संपर्क कर युवती की हत्या के संबंध में तस्दीक की। तभी हरियाणा पुलिस को ब्लाइंड मर्डर के खुलासा होने की जानकारी लगी, लेकिन साथ में यह भी पता चला कि आरोपी हेमंत जयपुर के चंदवाजी में भी देवेन्द्र की हत्या कर फरार हो गया था। जयपुर ग्रामीण पुलिस उसे लाने के लिए सड़क मार्ग से सूरत के लिए रवाना हो गई है। तब हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम से सूरत की हवाई जहाज पकड़ दो घंटे में ही वहां पहुंच गई। जयपुर पुलिस सूरत पहुंची तब तक हरियाणा पुलिस आरोपी को हवाई जहाज से ही लेकर वापस भी आ गई। अब जयपुर पुलिस हरियाणा पुलिस की जांच के बाद आरोपी को प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करेगी।
मंगेतर के मोबाइल से की थी कार बुक
जयपुर के चंदवाजी में सड़क किनारे मिले युवक के शव के पास एक कार खड़ी होने की सूचना मिली। युवक को गोली मारी गई थी और कार का शीशा भी टूटा पड़ा था। तब पुलिस ने टोल नाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। एक एसयूवी कार संदिग्ध नजर आई। उसके नंबरों के आधार पर कार मालिक दिल्ली निवासी अजीत सिंह से संपर्क किया। अजीत ने बताया कि उसका भाई देवेन्द्र सिंह बुकिंग पर कार लेकर गया है। वह 7 दिसंबर से लापता है, जिसकी गुमशुदगी डाबड़ी थाने में दर्ज करवाई थी। बुकिंग करवाने वाले मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली तो वह दिल्ली निवासी दीप्ति गोयल का निकला। दीप्ति की 6 दिसंबर को धारूहेड़ा में चार गोली मारकर हत्या की गई थी और शव सड़क पर फेंक दिया गया था। युवती आरोपी की मंगेतर थी। बाद में कार की लोकेशन सूरत में मिली। आरोपी हेमंत कार को बेचने के लिए सूरत ले गया था। आरोपी ने दोनों हत्याएं क्यों की, इस संबंध में पूछताछ के बाद ही पता चलेगा।
-- वर्जन --
दो हत्याएं करने वाले हेमंत को जयपुर ग्रामीण पुलिस ने पता लगाया। हमारी पुलिस सड़क मार्ग से सूरत के लिए रवाना हो गई। लेकिन हरियाणा पुलिस हवाई जहाज से सूरत पहुंचकर आरोपी को अपने साथ ले गई। अब कोर्ट से प्रॉडक्शन वारंट पर आरोपी को गिरफ्तार करेंगे।
-शंकरदत्त शर्मा, एसपी, जयपुर ग्रामीण
Published on:
13 Dec 2019 01:07 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
