
Battle of Khanwa: जयपुर. मेवात की भूमि वीरों की भूमि रही है और यहां की संस्कृति साझा संस्कृति के रूप में देश में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि महान राष्ट्रभक्त योद्धा राजा हसन खां मेवाती ने बाबर जैसे आक्रांताओं के विरुद्ध मातृभूमि की रक्षा के लिए खानवा के युद्ध में राणा सांगा की ओर से लड़ते हुए अद्भुत वीरता और वतनपरस्ती का परिचय दिया। उनका बलिदान केवल मेवात या राजस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
यह कहना था कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का। वे रविवार को अलवर शहर के फ्रेंड्स गार्डन में आयोजित शहीद राजा हसन खां मेवाती के शहादत दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हसन खां मेवाती ने मातृभूमि की रक्षा के लिए जिस साहस और पराक्रम का परिचय दिया, वह इतिहास में सदैव अमर रहेगा।
उन्होंने कहा कि हसन खां मेवाती ने अपने साहस, पराक्रम और सामाजिक सौहार्द की भावना से यह संदेश दिया कि देश और समाज की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उनका जीवन प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति और विकास में योगदान दे।
इस अवसर पर डॉ. मीणा ने शिक्षा को समाज की उन्नति का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मेव समाज द्वारा रमजान के पवित्र माह में आयोजित इफ्तार कार्यक्रम में भी भाग लेकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
इसके बाद प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा ने हसन खां मेवाती के पैनोरमा पहुंचकर वीर योद्धा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा पैनोरमा का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नसरू खान, मौलाना हनीफ सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Published on:
16 Mar 2026 12:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
