7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur: हवामहल के सामने देर रात हिट एंड रन… फोटोशूट कर लौट रहे स्टूडेंट्स को टैक्सी कार ने मारी टक्कर

Jaipur Late Night Accident: जयपुर में हवामहल के बाहर देर रात फोटोशूट कर लौट रहे निजी यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्रा को तेज रफ्तार टैक्सी कार नंबर(RJ14TG8523) ने टक्कर मार दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि टैक्सी पहले स्कूटी के पास से तेज रफ्तार में निकली, फिर कुछ दूरी पर रुकने के बाद चालक ने अचानक वाहन को रिवर्स लिया और पीछे खड़ी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

2 min read
Google source verification
हिट एंड रन घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद, पत्रिका फोटो

हिट एंड रन घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद, पत्रिका फोटो

Jaipur Late Night Accident: जयपुर में हवामहल के बाहर देर रात फोटोशूट कर लौट रहे निजी यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्रा को तेज रफ्तार टैक्सी कार नंबर (RJ14TG8523) ने टक्कर मार दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि टैक्सी पहले स्कूटी के पास से तेज रफ्तार में निकली, फिर कुछ दूरी पर रुकने के बाद चालक ने अचानक वाहन को रिवर्स लिया और पीछे खड़ी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर बैठी छात्रा नीचे गिरकर घायल हो गई, जबकि स्कूटी और छात्र का मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हवामहल के सामने कर रहे थे फोटोशूट

पुलिस के अनुसार रामनगरिया निवासी निहाल कल्याणे ने बुधवार को माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया गया कि वह जयपुर की एक निजी यूनिवर्सिटी में फर्स्ट ईयर का छात्र है। 3 मई की रात वह अपने दोस्तों भास्कर, अकशरा और प्रांजल के साथ फोटोशूट के लिए जगतपुरा स्थित महल रोड से बड़ी चौपड़ और हवामहल पहुंचा था। प्रांजल ग्राफिक्स डिजाइनर है और निहाल इंटीरियर डिजाइनर। कंटेंट बनाने के लिए चारों दोस्त एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल से देर रात करीब 12:30 बजे निकले थे। हवामहल के सामने पहुंचकर उन्होंने वाहन पार्क किए और ऐतिहासिक स्मारक के सामने फोटोशूट किया।

घर लौटने वाले थे, तभी हादसा हो गया

निहाल ने बताया कि देर रात करीब 1:40 बजे फोटोशूट पूरा करने के बाद वह अपनी मित्र प्रांजल के साथ स्कूटी पार्किंग से निकाल रहा था। इसी दौरान बड़ी चौपड़ की ओर से हवामहल की तरफ एक टैक्सी तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी स्कूटी के बेहद पास से निकली। टैक्सी की रफ्तार इतनी तेज थी कि दोनों घबरा गए।

गाड़ी रिवर्स दौड़ाकर मारी टक्कर

आरोप है कि टैक्सी कुछ दूरी पर जाकर अचानक रुक गई और फिर चालक ने बिना पीछे देखे तेज रफ्तार में रिवर्स लेते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पर बैठी प्रांजल संतुलन खोकर नीचे गिर गई। स्कूटी भी सड़क पर गिरकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में प्रांजल के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि हाथ और सिर पर भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत छात्रा को संभाला। हादसे में स्कूटी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। निहाल ने बताया कि हादसे के बाद वह टैक्सी चालक को पकड़ने के लिए पीछे भागा, लेकिन इसी दौरान उसका मोबाइल सड़क पर गिरकर टूट गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी ली। थानाप्रभारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर टैक्सी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और टक्कर मारने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे में आए नंबरों के आधार पर सांगानेर निवासी आरोपी की तलाश कर रही है।