
Rajasthan Road Accident: चौमूं कालाडेरा स्थानीय पुलिस थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग जगह पर हुए सडक हादसों में बेटी से मिलने जा रहे बाइक सवार पिता और ड्यूटी पर जा रही युवती की मौत हो गई। पुलिस ने चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए।
कालाडेरा थाने के हैड कांस्टेबल शेरसिंह यादव ने बताया कि लखीमपुर खिरी (उत्तर प्रदेश) हाल कालाडेरा रीको औद्योगिक क्षेत्र में काजू फैक्ट्री में काम करने वाली श्रमिक युवती 19 वर्षीय फूलजहां पुत्री निजामुद्दीन सुबह घर से कालाडेरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित काजू फैक्ट्री में कार्य करने के लिए पैदल पर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से फूलजहां की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया, जहां पर चिकित्सकों से पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इधर पुलिस ने मौ के से टक्कर मारने वाले ट्रक को जब्त कर थाने ले आई।
दूसरा सडक हादसा कालाडेरा-रेनवाल सडक मार्ग स्थित टोल प्लाजा के पास हुआ। यहां मोपेड पर सवार होकर अपनी बेटी से मिलने जा रहे वृद्ध पिता के ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कालाडेरा पुलिस थाना प्रभारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि ग्राम भूरा टीबा उदयपुरिया पुलिस थाना हरमाड़ा जिला जयपुर निवासी 70 वर्षीय कल्याण सहाय रैगर पुत्र छोटूराम रैगर अपनी पुत्री से मिलने के लिए मोपेड पर सवार होकर अपने गांव भूरा टीबा उदयपुरिया से करड रेनवाल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कालाडेरा-रेनवाल सडक मार्ग पर स्थित टोल नाका के पास ट्रेलर ने मोपेड सवार को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हैड कांस्टेबल बाबूलाल मीणा ने निजी साधन से शव को चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित किया। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के सुपुर्द किया। इधर पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रेलर को जब्त कर लिया। मामले में मृतक के छोटे भाई ब्रह्मदेव रैगर ने ट्रेलर चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इधर, परिजनों ने बताया कि मृतक के चार पुत्रियां हैं और वह दूसरे नम्बर की पुत्री से मिलने जा रहा था।
Updated on:
4 Feb 2025, 3:00 PM IST
Published on:
4 Feb 2025, 3:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.