
जयपुर जिला कलक्टर ने पात्र व्यक्तियों को घुमन्तु पहचान पत्र जारी कर मूलभूत दस्तावेज बनाने के दिए निर्देश। फोटो-पत्रिका।
Welfare Schemes: जयपुर। जयपुर जिले में विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु श्रेणी के परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीर पहल शुरू कर दी है। सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डॉ. सोनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 5 जून से 20 जून तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को घुमन्तु पहचान पत्र जारी किया जाए, जिससे वे सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त कर सकें। उन्होंने आधार कार्ड, जनाधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र और मूल निवास प्रमाण पत्र जैसे मूलभूत दस्तावेज प्राथमिकता से जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन परिवारों को अभी तक भूमि के पट्टे नहीं मिले हैं, उन्हें जल्द से जल्द पट्टे वितरित करने की बात भी कही।
बैठक में डीटीएनटी आवास योजना के माध्यम से इन वर्गों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी तेज करने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह प्रशासन की प्राथमिकता है कि समाज के हर वर्ग तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, विशेष रूप से ऐसे समुदाय जो वर्षों से उपेक्षित रहे हैं।
यह पहल न सिर्फ सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि घुमन्तु समुदायों के जीवन में स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन की ओर एक नई शुरुआत भी है।
Updated on:
2 Jun 2025, 10:46 PM IST
Published on:
2 Jun 2025, 10:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.