
फाइल फोटो
जयपुर। दो साल पहले प्रेम विवाह कर सुर्खियों में रहने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी टीना डाबी व अतहर आमिर ने जयपुर के पारिवारिक न्यायालय में तलाक के लिए संयुक्त प्रार्थना पत्र पेश किया है। चार साल पहले सेवा में आए डाबी व आमिर की ओर से दायर प्रार्थना पत्र में कहा है कि उनके विचार एक-दूसरे से नहीं मिलते हैं, इस कारण अब साथ रहना संभव नहीं है। दोनों ने पारस्परिक सहमति से अलग होने की इच्छा जाहिर करते हुए तलाक की डिक्री जारी करने का आग्रह किया है। न्यायालय ने इस अर्जी को रिकार्ड पर ले लिया है।
दोनों की ओर से जयपुर स्थित पारिवारिक न्यायालय-प्रथम में विवाह विच्छेद के लिए संयुक्त याचिका दायर की है। संघ लोक सेवा आयोग की 2015 की परीक्षा में टीना डाबी ने देश में पहली और अतहर आमिर ने दूसरी रेंक प्राप्त की थी। उनका 2016 बैच में चयन हुआ और ट्रेनिंग के दौरान ही प्यार हो गया और विधिवत तरीके से 2018 में शादी की थी। आइएएस टॉपर का प्रेम विवाह पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। एक दिन पहले ही टीना वित्त विभाग में संयुक्त सचिव पर स्थानांतरित होकर जयपुर आई हैं। आमिर सीईओ जिला परिषद जयपुर के पद कार्यरत हैं। टीना और अतहर दोनों राजस्थान कैडर के अधिकारी हैं। टीना ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीतिक विज्ञान में स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण की। जबकि आमिर अतहर ने आईआईटी मंडी से बीटेक पूरा किया।
छह माह का वक्त
पारिवारिक कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर होने पर विवाह विच्छेद के लिए छह माह का कूलिंग पीरियड तय है। इस दौरान दोनों के बीच सहमति होने पर याचिका वापस भी ले सकते हैं। इसके बाद कोर्ट तलाक की अर्जी मंजूर करते हुए डिग्री जारी कर सकता है। विधि के जानकारों के अनुसार, अब कूलिंग पीरियड की बाध्यता नहीं होने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले भी आ चुके हैं। इसके लिए दोनों पक्षों को कोर्ट से जल्द सुनवाई की गुहार करनी होगी, जिस पर कोर्ट पहले भी तलाक की अर्जी मंजूर हो सकती है।
खान सरनेम हटाकर सोशल मीडिया पर किया था अनफॉलो
टीना और उनके पति अतहर ने एक दूसरे को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अनफॉलो कर दिया था। इसके अलावा शादी के बाद अपने नाम के आगे खान सरनेम लिखने वाली टीना ने कुछ दिनों पहले खान सरनेम हटाने के साथ ही अपने इंस्टाग्राम बायो से कश्मीरी बहू शब्द भी हटा दिया था। इसी के साथ दोनों के बीच मतभेद होने की बात सामने आने लगी थी।
Published on:
20 Nov 2020 10:03 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
