2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आईपीएल मैच के दौरान नगर निगम की पार्किंग में अवैध वसूली, चौपहिया वाहन के 40 की जगह 300 रुपए ले रहे

आईपीएल मैच के दौरान लालकोठी इलाके में पार्किंग व्यवस्था के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया। यहां नगर निगम कार्यालय के बाहर ठेकेदार की ओर से संचालित पार्किंग में शुक्रवार को मनमर्जी से वसूली की गई।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Abdul Bari

May 02, 2026

दो पहिया वाहन के 100 रूपए वसूले, लोगों ने जताया विरोध

अब्दुल बारी/जयपुर. आईपीएल मैच के दौरान लालकोठी इलाके में पार्किंग व्यवस्था के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया। यहां नगर निगम कार्यालय के बाहर ठेकेदार की ओर से संचालित पार्किंग में शुक्रवार को मनमर्जी से वसूली की गई। मैच देखने आए दर्शक शाम को यहां पार्किंग करते दिखाई दिए, इस दौरान ठेकाकर्मियों ने चौपहिया वाहनों के 40 की जगह 300 और दोपहिया वाहनों के 20 की जगह 100 रुपए वसूले। हालांकि कई लोगों ने सरकारी ठेके की पार्किंग में मोटी वसूली होते देख विरोध भी जताया। वहीं एसएमएस स्टेडियम के चारों ओर का पूरा क्षेत्र नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया, जिससे दर्शकों को तय पार्किंग स्थलों का ही सहारा लेना पड़ा।


पत्रिका की पार्किंग वालों से बातचीत
संवाददाता: बाइक और कार की पार्किंग के कितने रुपए ले रहे हो?
पार्किंग कर्मी: बाइक के 100 और चौपहिया वाहन के 300 रुपए लगेंगे।

संवाददाता: आप तो निगम के अधीन हो, तय दर से ज्यादा पैसे क्यों ले रहे हो?

पार्किंग कर्मी: आपको भी पता है साब। आप आज मैच देखने आए हो… आज तो 300 ही लगेंगे।
संवाददाता: यह तो गलत है, जो तय रेट है, आपको वही लेना चाहिए।
पार्किंग कर्मी: कल से 40 ही लेंगे। आप देखलो, आपको पर्ची पर 300 रुपए लिखकर देंगे।
….
इधर, 475 से लेकर 1100 रुपए तक की वसूली
उधर, एसएमएस स्टेडियम के आसपास अमर जवान ज्योति के सामने और अंबेडकर सर्किल के पास बनाए गए पार्किंग स्थलों पर भी भारी शुल्क वसूला गया। यहां दोपहिया वाहनों से 175 रुपए और चौपहिया से 475 से लेकर 1100 रुपए तक लिए गए। यहां पार्किंग कर्मियों ने बताया कि स्टेडियम से पार्किंग की दूरी के आधार पर ( स्टेडियम से जितनी कम दूरी, उतने अधिक पैसे) अलग-अलग श्रेणियों में पैमेंट लिया जा रहा है। दौसा से आए दर्शक अभिनव सिंह ने पार्किंग करने के दौरान कहा कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में इस तरह की वसूली गलत है।
दोपहिया वाहन: ₹149 जीएसटी
सिल्वर (कार पार्किंग): ₹399 जीएसटी
गोल्ड: ₹599 जीएसटी
प्लेटिनम: ₹749 जीएसटी
एलीट: ₹999 जीएसटी
(मौके पर कई लोग इस मोटी वसूली पर सवाल उठाते रहे तो वहां मौजूद बाउंसर्स उन्हें बताते रहे कि कंपनी ने सरकार से पार्किंग का ठेका करोड़ो में उठाया है, ऐसे में दाम तो लगेंगे ही।)

मैच से पहले स्टेडियम के बाहर टिकटों की अवैध बिक्री

जयपुर. एसएमएस स्टेडियम में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबले से कुछ घंटे पहले टिकटों की अवैध बिक्री भी होती नजर आई। स्टेडियम के बाहर कुछ लोग खुलेआम पास की अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त करते दिखाई दिए। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे, इसके बावजूद इस तरह की अवैध गतिविधियां जारी रहीं।
स्टेडियम के बाहर हाथ में दो टिकट लेकर घूम रहे व्यक्ति ने पत्रिका संवाददाता से बातचीत में खुद आगे बढ़कर पूछा, “टिकट चाहिए क्या?” उसने बताया कि उसके पास हॉस्पिटैलिटी लाउंज के दो पास हैं, जहां आरामदायक सीटिंग, खान-पान और अलग एंट्री की सुविधा मिलेगी। उसने कहा कि एक टिकट 8000 रुपए का है, लेकिन वह दोनों 12 हजार में दे देगा।

-इसी तरह स्टेडियम के बाहर दो अन्य युवकों ने भी संवाददाता से कहा कि उनके पास '​मैच के दो पास' हैं। वह पांच-पांच हजार रुपए में दोनों टिकट बेचने का आॅफर देते रहे।