
सुस्त निगरानी...सख्ती गायब, बन रहे अवैध विला...विकसित हो रहीं नई कॉलोनी
आचार संहिता लगने के बाद जेडीए की प्रवर्तन शाखा की निगरानी ढीली पड़ गई है। मनमानी का आलम यह है कि इकोलॉजिकल जोन में धड़ल्ले से विला और कॉलोनी विकसित की जा रही हैं। इनके आस-पास से प्रवर्तन शाखा के अधिकारी दौड़ते रहते हैं, लेकिन इन अवैध निर्माणों पर नजर नहीं पड़ती। दिल्ली रोड, जयसिंहपुरा खोर से लेकर आगरा रोड पर कॉलोनियों कट रही हैं। जामडोली से जयसिंहपुरा खोर जाने वाली रोड पर गेट बंद कर अवैध रूप से विला बनाने का काम चल रहा है। अवैध विला मुख्य सड़क से ही दिखाई देते हैं। सुमेल रोड पर भी इस तरह के अवैध विला बन रहे हैं। जेडीए की सुमेल आवासीय योजना के पास भी अवैध दो कॉलोनियां सृजित हो रही हैं।
आगरा रोड पर और बुरा हाल
पालणी मीणा के आस-पास, गोनेर रोड और जामडोली इलाके में कई जगह कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। इन पर जेडीए कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति कर रहा है।
अन्य जगह भी बुरा हाल
इकोलॉजिकल जोन के अलावा जेडीए के कुछ जोन में तो प्रवर्तन अधिकारी बदलने के साथ ही अवैध निर्माण फिर से शुरू हो गए हैं। जबकि, पूर्व में इन अवैध निर्माण को नोटिस देकर बंद कराया गया था। इसमें जोन 2, 6, 12 और 13 शामिल है।
तीन केस से समझें मिलीभगत की कहानी
1- जेडीए जोन-13 के ग्राम बढ़ारणा में सरकारी स्कूल के पीछे कृषि भूमि पर वेयर हाउस का निर्माण कार्य चल रहा है। जबकि, यहां प्रवर्तन शाखा ने जून 2020, सितंबर 2021, दिसंबर 2021 और जुलाई, 2022 में कार्रवाई की थी। पिछले 15 दिन से काम चल रहा है। जेडीए कंट्रोल रूम में शिकायत संख्या 117, 119 और 124 दर्ज है।
2- जेडीए जोन 6 स्थित नांगल जैसा बोहरा पुलिया के पास कृषि भूमि पर गोदाम बन रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से काम तेजी से चल रहा है। जबकि, करीब पांच माह पहले तत्कालीन प्रवर्तन अधिकारी रफीक खान ने अवैध गोदाम का निर्माण कार्य बंद करवा दिया था।
3- जोन-12 स्थित रामपुरा डाबड़ी में तहसील भवन के सामने अगस्त में काम रुकवाया था। दो माह तक काम बंद रहा। अब फिर से अवैध निर्माण चालू हो गया है।
Published on:
04 Nov 2023 12:08 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
