
मृतक निश्चल-मृतका किरण। फाइल फोटो- पत्रिका
चाकसू। तेज अंधड़ और बारिश के बीच हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कस्बा निवासी एक ही परिवार के भाई-बहन की मौत से इलाके में शोक की लहर फैल गई। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य बाइक से घर लौट रहे थे।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी शीतल वैष्णव अपने बेटे निश्चल (26) और बेटी किरण (34) के साथ दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टोंक रोड स्थित वीर हनुमान मंदिर के पास उनकी बाइक आगे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल घायलों को स्थानीय राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने निश्चल को मृत घोषित कर दिया, जबकि किरण और शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान किरण ने भी दम तोड़ दिया।
पिता शीतल का इलाज जयपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार तेज अंधड़ और बारिश के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। थाना प्रभारी मनोहर लाल ने बताया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
भाई-बहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। किरण की एक वर्ष पहले बीकानेर में शादी हुई थी और वह इन दिनों अपने पीहर आई हुई थी। दोनों भाई-बहन पिता को दुकान से लेने गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
निश्चल जयपुर में एक कंपनी में कार्यरत था और अविवाहित था। चाकसू के अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम के बाद निश्चल का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं जयपुर के एसएमएस अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद किरण का शव रविवार दोपहर चाकसू लाया गया। इसके बाद दोनों भाई-बहन का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। शीतल प्रसाद की चाकसू में मोटर पार्ट्स की दुकान है। निश्चल पुणे की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। परिवार में उनकी पत्नी और 20 वर्षीय एक अन्य बेटा है, जो पढ़ाई कर रहा है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Updated on:
05 Apr 2026 09:46 pm
Published on:
05 Apr 2026 09:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
