
Rajasthan weather News (Photo- Patrika)
Rajasthan Weather News: राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का जोर है। गुरुवार को कई जगह अधिकतम तापमान 48 डिग्री के करीब पहुंच गया वहीं शुक्रवार को कुछ जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट है। मौसम केन्द्र के अनुसार सबसे अधिक दिन का तापमान श्रीगंगानगर में 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा आठ शहरों में दिन का तापमान 45 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम केन्द्र के अनुसार वनस्थली में 46, पिलानी में 45.3, बाड़मेर में 45.8, जैसलमेर में 46, फलोदी में 45, बीकानेर में 46, चूरू में 46.1 और जयपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार रात को रामगंजमंडी में तेज बारिश और अंधड़ से पेड़ उखड़ गए तो भीलवाड़ा में तेज तूफान से अस्पताल परिसर में पेड़ गिर गया, जिसके नीचे दबने से बुजुर्ग की मौत हो गई। उधर, चित्तौड़गढ़ जिले में साड़ास थानान्तर्गत भीलों का झोंपड़ा गांव में गुरुवार रात तेज आंधी के दौरान कच्ची दीवार ढ़हने से एक महिला व बच्चे की मौत हो गई।
मौसम केन्द्र के अनुसार उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आगामी 4-5 दिन दोपहर बाद तेज मेघगर्जन, आंधी हल्की मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की प्रबल संभावना है। जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग में भी 24-26 मई के दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग में 23 मई को दोपहर बाद मेघगर्जन, आंधी दर्ज होने की संभावना है।
ज्योतिषयों के अनुसार इस साल नौतपा 25 मई को शुरू होगा। इस दिन सूर्यदेव सुबह 3 बजकर 27 मिनट पर रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 15 दिन तक इसमें रहेंगे। 8 जून को सूर्य मृगशिरा नक्षत्र में चले जाएंगे, जिससे नौतपा खत्म हो जाएगा। रोहिणी नक्षत्र में सूर्य की किरणें धरती पर सीधी और तेज पड़ती हैं। यही वजह है कि इन दिनों गर्मी झुलसा देने वाली होती है।
नौतपा के दौरान पहले नौ दिन अधिक तपन वाले माने जाते रहे हैं। नौतपा के दौरान पड़ने वाली भीषण गर्मी खेती के लिए फायदेमंद भी होती है। माना जाता है कि नौ दिनों में सूरज जितना प्रचंड होगा और लू चलेगी, बारिश का सीजन उतना ज्यादा अच्छा होगा। गर्मी से खेतों में जहरीले जीव-जंतु, फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीट पतंगे खत्म हो जाते हैं।
Updated on:
23 May 2025, 6:29 AM IST
Published on:
23 May 2025, 6:29 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.