
करौली में तेज अंधड़ से डिस्कॉम को नुकसान। (फोटो-पत्रिका)
राजस्थान के करौली के मंडरायल क्षेत्र में बुधवार रात आए तेज अंधड़ से काफी नुकसान पहुंचा है। देर रात तेज अंधड़ से घरों में धूल भर गई। कस्बे में रोधई मोड़ स्थित शत्रुधन पंडा, बाबू नेताजी, पप्पू पंडा, रानीपुरा में रामनारायण सिंह सहित दर्जनों लोगो के घरों पर लगे टिन शेड और छप्पर आदि उड़ गए।
अंधड़ की शुरुआत होते ही इलाके की बिजली गुल हो गई। उपखंड मुख्यालय स्थित 33 केवी जीएसएस पर रात करीब 11 बजे अंधड़ के शुरू होते ही चिंगारियां निकलती रहीं। रातभर लोग अंधेरे में रहे। पावर हाउस में लगे बड़े ट्रांसफार्मर में करीब सवा ग्यारह बजे चिंगारियों से लगी आग दो घंटे तक जलती रही। रात करीब 1 बजे करौली से दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया जा सका। तब तक काफी उपकरण जल गए। विद्युत निगम अधिकारियों ने करीब डेढ़ करोड़ रुपए का नुकसान होना बताया है।
आग के कारण कई विद्युत उपकरण जल गए। इसके अलावा दो बड़े ट्रांसफार्मर जलकर खाक हो गए। केबल, तार, छोटी डीपी, तेल, नई केबल के पिंडा सहित अन्य उपकरण जल गए। इससे निगम को काफी नुकसान हुआ। इस बीच कुछ युवाओं ने साहस दिखाया और परिसर में खड़ी मेटाडोर लगेज वाहन को जलने से बचाया और छत पर चढ़कर टंकियों से पानी डालकर आग को बढ़ने से रोका। ग्रामीण राकेश कांकोरिया और मजनू पराशर सहित अन्य युवाओं ने आग बुझाने में मदद की। जखोदा निवासी रणवीर सिंह व घटली निवासी संतोष शर्मा ने भी परिसर में खड़ी गाड़ी को जलने से बचाया।
यह वीडियो भी देखें
रोधई गांव स्थित 33 केवी जीएसएस पर स्थापित ट्रांसफार्मरों को काफी नुकसान पहुंचा है। तेज अंधड़ के चलते जीएसएस में स्थापित कई पोल टूट गए और फाउंडेशन में लगे उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। तेज अंधड़ के चलते बुधवार रात 11 बजे से मंडरायल, रोधई, करणपुर, पांचोली, लांगरा व भांकरी 33 केवी जीएसएस से निकलने बाली बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके चलते उपखंड मुख्यालय के अधीन 24 ग्राम पंचायतों के सैकड़ों गांवों के लोग रातभर अंधेरे में रहे। गुरुवार सुबह बिजली आपूर्ति भी ठप रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
निगम को करीब डेढ़ करोड़ रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। क्षतिग्रस्त पोल व ट्रांसफार्मरों को दुरूस्त कराकर बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने के प्रयास कर रहे हैं।
मानक मनीष अग्रवाल, सहायक अभियंता, विद्युत निगम मंडरायल
Updated on:
22 May 2025, 5:58 PM IST
Published on:
22 May 2025, 5:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.