
फाइल फोटो- पत्रिका
Orange Alert Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम को लेकर तात्कालिक चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केन्द्र ने बुधवार को कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। यह चेतावनी आगामी दो घंटों के लिए प्रभावी बताई गई है, जिसमें मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
जारी चेतावनी के अनुसार सीकर, झुंझुनूं जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं अलवर, भरतपुर, बीकानेर, जैसलमेर, नागौर, जोधपुर और बाड़मेर जिलों में भी मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी के साथ ही आवश्यक सावधानियां भी बताई हैं। विभाग के अनुसार मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें और खुले क्षेत्रों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने की भी सलाह दी गई है।
साथ ही मौसम सामान्य होने तक घर के अंदर ही रहने की अपील की गई है। इस अचानक बदले मौसम से किसानों की चिंता भी बढ़ सकती है, खासकर उन इलाकों में जहां फसल कटाई का कार्य चल रहा है। तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।
यह वीडियो भी देखें
वहीं जोधपुर ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक मौसम की करवट के बाद क्षेत्र के किसान चिंतित नजर आ रहे हैं। बुधवार को पूरे दिन चली तेज हवाओं के साथ आसमान से बरसती बौछारों ने किसानों के चेहरे पर चिन्ता की लकीर खींच दी। क्षेत्र के किसानों के खेतों में इन दिनों बड़ी संख्या में रबी की फसल रायड़ा, सरसों, जीरा, गेहूं एवं ईसबगोल की फसलें खड़ी हैं, लेकिन पूरे दिन चली तेज हवाओं के कारण फसलें जमीद्दोज होने से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।
Updated on:
18 Mar 2026 05:15 pm
Published on:
18 Mar 2026 05:14 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
