
Hailstorm warning: जयपुर. राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 18 फरवरी को तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट लागू किया है।
जयपुर, अलवर, दौसा आस—पास के जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी दोपहर 2.30 जारी की है। इस चेतावनी के अनुसार आगामी तीन घंटे तक तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट के तहत जयपुर, जयपुर शहर, अलवर,दौसा जिलों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। वहीं येलो अलर्ट वाले जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बंद रखने की अपील की गई है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
अगले कुछ घंटों तक मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है, इसलिए नागरिकों से लगातार अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।
Updated on:
18 Feb 2026 02:43 pm
Published on:
18 Feb 2026 02:42 pm
