
Rajasthan Police Constable Exam 2022
जयपुर। राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शुक्रवार से शुरू होगी। 16 मई तक चलने वाली परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि 4588 पद के लिए आयोजित परीक्षा में 18.83 लाख अभ्यर्थी बैठेंगे। 32 जिलों में 470 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जयपुर में 183 केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र पर आधा घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थी को परीक्षा के लिए दी गई गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करना होगा।
भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस बिनीता ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक दिन एक पारी में करीब पौने तीन लाख परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है। निष्पक्ष, निर्विघ्न व शांतिपूर्ण परीक्षा के आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्र पर यथासम्भव वीडियोग्राफी के साथ ही उड़नदस्ता दलो द्वारा आकस्मिक चेकिंग की जाएगी।
मेहंदी नहीं लगाएं, थम्ब इंप्रेशन में हो सकती है परेशानी
अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में थम्ब इंप्रेशन से ही प्रवेश मिलेगा। अभ्यर्थी हाथ पर मेहंदी, स्याही या फिर किसी प्रकार का रंग नहीं लगाएं, ताकि थम्ब इंप्रेशन में परेशानी न हो। अभ्यर्थियों के दोनों अंगूठों का इंप्रेशन लिया जाएगा। परीक्षार्थियों को अपना फोटो पहचान पत्र भी केन्द्र पर ले जाना होगा। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को मेटल का सामान साथ लाने या पहनकर नहीं जाने दिया जाएगा।
पुलिसकर्मी व वीक्षक भी नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाया जा रहा है। कोई भी अभ्यार्थी यहां तक परीक्षा केंद्र में उपस्थित पुलिसकर्मी व वीक्षक भी अपना मोबाइल साथ में नहीं रख पाएंगे। लिखित परीक्षा के लिए बालपोइंट पेन पारदर्शी होना चाहिए, रंगीन या अन्य प्रकार का पैन से परीक्षा देना संभव नहीं होगा।
Updated on:
12 May 2022 08:20 pm
Published on:
12 May 2022 08:20 pm
