
तालाब में डूब रही थी बहन...बचाने कूद गईं दो बहनें, तीनों ने गंवाई जान
जैसलमेर में हादसा, तालाब में डूबने से तीन सगी बहनों की मौत
जयपुर
जैसलमेर के फतेहगढ़ उपखंड क्षेत्र के गांव भाडली में गुरुवार दोपहर एक हादसे में तीन सगी बहनों की मौत हो गई। तालाब पर पानी भरने के दौरान हुए हादसे में एक बहन को बचाने के चक्कर में बाकी की दो बहनों ने भी जान गंवा दी। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाली लड़किेयों के नाम दुर्गाकंवर (21), पूजा कंवर (20) व कंचन कंवर (18 ) पुत्री अर्जुनसिंह हैं। ग्रामीणों की सूचना पर झिनझिनयाली पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने तीनों युवतियों के शव तालाब से बाहर निकाले
तालाब में पानी भरते समय एक बहन पानी में डूबने लगी, इस पर दूसरी और तीसरी बहन ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन होनी को शायद कुछ और ही मंजदूर था, डूब रही लड़की को बचाने के चक्कर में दोनों बहने भी डूबने लगीं, कुछ देर तो सब ने संघर्ष किया, लेकिन फिर वो पानी में ही समा गईं। इस दौरान किसी ग्रामीण ने हादसे की सूचना युवतियों के परिजनों और ग्रामीणों को दे दी। हादसे की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया, मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तीनों युवतियों के शव तालाब से बाहर निकाले।
परिजनों की मांग पर नहीं हुआ पोस्टमार्टम
एक साथ तीन युवतियों के तालाब में डूबने की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी सुमन सोनल पुलिस उपाधीक्षक गोपाललाल शर्मा व झिनझिनयाली थानाधिकारी अरविंद चारण घटनास्थल पर पहुंचे। युवतियों के परिजनों की पोस्टमार्टम नहीं करवाने की मांग पर बिना पोस्टमार्टम किए तीनों युवतियों के शव परिजनों को सुपुर्द किए। जानकारी के अनुसार अर्जुन सिंह के सात संतानें हैं, जिनमें तीन की मौत हो गई है। अर्जुनसिंह कारीगरी का काम करता है। हादसे में तीन लड़कियों की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Published on:
16 Nov 2018 07:58 am
