
राजधानी जयपुर में आज सुबह मेट्रो सेवा उस समय बाधित हो गई, जब सॉफ्टवेयर प्रणाली में अचानक तकनीकी खराबी आ गई।

सुबह करीब 7:30 बजे तकनीकी खामी सामने आई, जिससे मानसरोवर से बड़ी चौपड़ रूट पर चलने वाली मेट्रो ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से प्रभावित हो गया।

तकनीकी गड़बड़ी के कारण मेट्रो स्टेशन पर लोग फंस गए। मेट्रो ट्रेन के लेट होने से निर्धारित मेट्रो ट्रेन के करीब 25 फेरे प्रभावित हुए।

चांदपोल, सिविल लाइंस, रेलवे स्टेशन और बड़ी चौपड़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोग काम पर जाने के लिए निकले थे, वहीं छात्र और महिला यात्री भी परेशानी में रहे।

मेट्रो प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए इंजीनियरों की टीम को तुरंत सॉफ्टवेयर फॉल्ट की जांच में लगाया। करीब ढ़ाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गड़बड़ी को ठीक कर मेट्रो संचालन दोबारा शुरू किया गया।