जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय में 10 दिसंबर को नवनिर्मित योग साधना भवन का लोकार्पण होगा। कुलपति प्रो. रामसेवक दुबे ने बताया कि प्रदेश में पहली बार विभिन्न आधुनिक सुविधाओं से युक्त योग साधना भवन का निर्माण विश्वविद्यालय परिसर में हुआ है। इसके निर्माण पर सरकार ने 5 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत साधना भवन का लोकार्पण करेंगे। समारोह में संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, सांसद रामचरण बोहरा और विधायक गंगा देवी भी मौजूद रहेंगे।
प्रो. दुबे ने बताया कि प्रदेश में पहली बार बनने जा रही नवग्रह और नक्षत्र वाटिका का शिलान्यास भी समारोह में होगा। उन्होंने बताया कि उच्च तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर बनने वाली नवग्रह एवं नक्षत्र वाटिका का निर्माण नारद पुराण में बताई विधि के अनुसार होगा। इन वाटिकाओं में 9 ग्रहों, 27 नक्षत्रों एवं 12 राशियों के अनुसार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। नवग्रह वाटिका में 9 कुंडो, 16 स्तंभों व 4 द्वारों से युक्त वैदिक यज्ञशाला का शास्त्र विधि से निर्माण किया जाएगा। आम लोगों को सौर मंडल की वैदिक अवधारणा से जोड़ने के लिए 45 मिनट का शो भी दिखाया जाएगा। वाटिका में लगभग 100 चित्रों से ग्रहों, नक्षत्रों, राशियों, प्राचीन ज्योतिर्विज्ञान से सम्बद्ध विभिन्न विषयों के प्रदर्शन की योजना भी विश्वविद्यालय बना रहा है। वाटिकाओं के निर्माण पर विश्वविद्यालय की निजी आय से करीब 2 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस दौरान कुलसचिव दुर्गेश राजोरिया, शास्त्री कोसलेंद्रदास और सहायक कुलसचिव डॉ. जेएन विजय उपस्थित रहे।