8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज्य सभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की संभावना: सरकारी मुख्य सचेतक ने एसीबी में दिया परिवाद

निर्दलय उम्मीदवार के पास विधायक आएंगे कहां से  

2 min read
Google source verification
acb jaipur

जयपुर. राजस्थान में राज्य सभा चुनाव एक बार फिर चर्चा में हैं। राज्य सभा चुनाव में निर्दलय उम्मीदवार सुभाष चन्द्रा के लिए विधायकों की खरीद फरोख्त की जा सकती है। ऐसी आशंका को लेकर सरकर के मुख्य सचेतक (जलदाय मंत्री) महेश जोशी ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के डीजी बी.एल. सोनी को परिवाद दिया है। रविवार का अवकाश होने पर भी जोशी के एसीबी मुख्यालय पहुंचने की सूचना पर डीजी सोनी रविवार सुबह 11.55 बजे अपने कार्यालय पहुंच गए। दोपहर 12.04 बजे महेश जोशी एसीबी मुख्यालय पहुंचकर राज्य सभा चुनाव में भ्रष्टाचार होने की संभावना को लेकर परिवाद दिया। परिवाद में बताया कि प्रदेश एवं देश के अनेक राज्यों में राजनीतिक गतिविधियों विशेषकर चुनावों के समय विधायकों और मतदाताओं की भ्रष्ट तरीके से खरीद-फरोख्त का माहौल बना दिया जाता है। कई जगह ऐसी साजिश सफल भी हो जाती हैं, जो देश के लोकतंत्र को कमजोर करती हैं। इन दिनों सोशल मीडिया एवं अनेक अन्य प्रकारों से आशंका व्यक्त की जा रही है कि आगामी राज्य सभा चुनावों में धनबल का भारी खेल हो सकता है। भ्रष्ट तरीके से विधायकों या किसी को भी प्रलोभन देना, खरीद फरोख्त करना एवं किसी भी अनुचित तरीके से चुनावों को प्रभावित करना संवैधानिक रूप से अपराध की श्रेणी में आता है। इसमें पैसे का लेन-देन भी शामिल है। भ्रष्ट तरीके से या अनुचित रूप से पैसा देने वाला एवं पैसा लेने वाला दोनों ही संज्ञेय रूप से अपराधी की श्रेणी में आते हैं। विधायकों की खरीद फरोख्त करने वालों पर सख्ती से कानूनी कार्रवाई की जाए।

निर्दलय उम्मीदवार के पास विधायक आएंगे कहां से

एसीबी मुख्यालय में मुख्य सचेतक महेश जोशी पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। जोशी से खुद के विधायकों पर भरोसा न होने का सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि खुद के विधायकों पर भरोसा है। लेकिन राज्य सभा में निर्दलय उम्मीदवार सुभाष चन्द्रा का एक भी प्रस्तावक निर्दलय विधायक नहीं है। सारे प्रस्तावक भाजपा के विधायक हैं। फिर उनके पास विधायक आएंगे कहां से...ये विधायक सिर्फ हॉर्स ट्रेडिंग से आ सकते हैं, जिसकी संभावना लगातार बनी हुई है। एसीबी सतर्क रहकर नजर रखे और भ्रष्टाचार में पैसे लेने और देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करे। जोशी ने कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग संबंधित शिकायत चुनाव आयोग को भी करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा अभी किसी व्यक्ति विशेष को लेकर आरोप नहीं है।