
कालवाड़ : कुड़ियों का बास में सर्प दंश से काल कलवित हुआ बालक अक्षत व वह नल जहां अक्षत को सांप ने डंसा। Photo- Patrika
जयपुर/कालवाड़ @ पत्रिका। निकटवर्ती कुड़ियों का बास गांव में सर्पदंश से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार अक्षत कुमार (5) पुत्र ओमप्रकाश प्रजापत सुबह घर के बाहर लगे नल पर पानी पीने गया था। इसी दौरान घास में छिपे सांप ने उसके पैर की अंगुली पर डस लिया।
बालक के चिल्लाने पर परिजन उसे तुरंत हिंगोनियां स्थित अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे जयपुर रैफर कर दिया। परिजन बालक को जयपुर लेकर जा ही रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
अक्षत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। मौत की खबर सुनते ही परिजन मोलकी देवी, दादा बजरंग, दादी श्रवणी देवी, मां मोना देवी और पिता ओमप्रकाश सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बालक अक्षत हिंगोनियां स्थित निजी विद्यालय में पढ़ाई करता था।
पांच वर्षीय मासूम की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली। इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा था कि कुछ समय पहले तक खेलता-कूदता नजर आने वाला अक्षत अब इस दुनिया में नहीं रहा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे।
ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास किया, लेकिन मासूम की असमय मौत का दर्द मां मोना देवी, पिता ओमप्रकाश सहित पूरे परिवार के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। गांव के बुजुर्गों से लेकर युवा और महिलाएं तक इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आए।
स्नेक कैचर हेमराज गांधी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में सांप बिलों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों या घास-फूस में छिप जाते हैं जिससे सर्पदंश की घटनाएं होती हैं।
Updated on:
17 Jun 2026 02:16 pm
Published on:
17 Jun 2026 02:16 pm
