17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दो गोली मारी थी वर्षा को, पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा घर, मच गया कोहराम

शादी से इनकार करने पर वर्षा की गोली मार हत्या कर खुद को गोली मारने का मामला : वर्षा को मारी थी दो गोली, गोली मारने वाले गोविंद की भी हुई मौत, दोनों के पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपे

2 min read
Google source verification
दो गोली मारी थी वर्षा को, पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा घर, मच गया कोहराम

दो गोली मारी थी वर्षा को, पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा घर, मच गया कोहराम

जयपुर। कालवाड़ रोड श्रीराम नगर निवासी गोविंद सोनी ने शादी से इनकार करने पर वर्षा के सिर में दो गोली मारी थी। वर्षा को गोली मारने के बाद खुद की कनपटी पर गोली मारने वाले गोविंद सोनी ने घटना के 24 घंटे बाद बुधवार दोपहर को एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने वर्षा के शव को कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसके सिर में दो गोली मारी गई। दोनों गोली भेजे को भेदती हुई सिर के आर-पार हो गई।

वहीं एसएमएस अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से गोविंद का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। गोविंद की मौत की सूचना उसके घर पर दी गई तो वहां भी कोहराम मच गया। मां और बहनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोविंद सोनी की मौत होने के बाद उसके खिलाफ दर्ज हत्या के मामले में पुलिस अनुसंधान कर एफआर लगा देगी।

गौरतलब है कि गोविंद सोनी और वर्षा सोनी के घर के बीच करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी है। वर्षा के परिजनों का आरोप है कि गोविंद वर्षा से शादी करना चाहता था। लेकिन वह कोई काम नहीं करता था और दिनभर लग्जरी बाइक पर चक्कर काटता रहता था। जेल भी जा चुका था। ऐसे में बेटी की शादी से इनकार कर दिया था। बेटी भी उसे पसंद नहीं करती थी। लेकिन वह जबरन शादी करना चाहता था। वर्षा के पिता राजेश ने बताया कि उन्हें पता होता कि गोविंद उनकी बेटी की जान ले लेगा, तो वे पहले ही उसके खिलाफ थाने में मामला दर्ज करा देते।

अर्थी उठी, मां बेसुध हुई

वर्षा के घर शव पहुंचा और अंत्येष्टि के लिए शव ले जाने लगी। तभी उसकी मां बेसुध हो गिर गई। लोगों ने वर्षा की मां को संभाला और घर के अंदर ले गए। शाम तक वर्षा की मां कुछ नहीं बोली और ना ही किसी से बात की। वर्षा के भाई ने बताया कि एक रिश्तेदार के यहां शादी थी। वर्षा मां की साड़ी के गोटा पत्ति लगाकर तैयार कर रही थी। मां उस साड़ी को देखकर बेसुध हो जाती है।

सवामणी में जाने की कहकर निकला था गोविंद

गोविंद के परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गोविंद घर पर सामोद वीर हनुमान के सवामणी में जाने की कहकर निकला था। करीब एक घंटे बाद घटना की सूचना मिली। दोनों ही परिवार में गमगीन माहौल है।