29 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर डेयरी अध्यक्ष बोले- मुझे CM बनाओ तो 10 रुपए लीटर दूंगा बोनस, VIDEO हुआ VIRAL

जयपुर डेयरी अध्यक्ष का वीडियो वायरल, भाजपा को कोसते हुए कहा- मुझे सीएम बनाओ तो 10 रुपए लीटर बोनस दूंगा
2 min read
Google source verification
om prakash punia






जयपुर।

जयपुर डेयरी अध्यक्ष ओमप्रकाश पूनिया के वायरल हुए कथित वीडियो ने बवाल मचा दिया है। वीडियो में भाजपा समर्थित माने जाने वाले पूनिया एक कार्यक्रम में न केवल राज्य सरकार के डेयरी मंत्री को कोसते दिखाई दे रहे हैं, बल्कि दुग्ध उत्पादकों से भी उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए सहयोग देने के लिए कह रहे हैं।

चौमूं के पास जयसिंहपुरा की गुवाड़ी की ढाणी में हुए एक आयोजन में उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से कहा कि वे उन्हें मुख्यमंत्री बनाएं, जिससे कि वे किसानों और दुग्ध उत्पादकों को ज्यादा फायदा होगा। यह वीडिया सोश्यल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है।

भाजपा समर्थित होने के बावजूद उनका वीडियो में इस तरह के संबोधन ने राजनैतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सूत्रों की मानें तो यह वीडियो 2 अक्टूबर को आयोजित हुए एक सम्मेलन का है। इस वीडियो की हकीकत जानने के लिए पूनिया से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया और न ही मैसेज का जवाब दिया।

उनके समर्थक इसे फर्जी वीडियो होने का दावा कर रहे हैं। इस दावे को सही माने तो वीडियो की जांच के बाद दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।

मौजूदा सरकार को कोसा, कांग्रेस सरकार का गुणगान
वीडियो में वे कह रहे हैं कि पिछली सरकार के समय दुग्ध उत्पादकों को दूध पर 2 रुपए प्रति लीटर बोनस मिल रहा था, लेकिन मौजूदा सरकार इसे नहीं दे रही है। इसकी उन्हें पीड़ा है। उन्होंने इसे दुग्ध उत्पादकों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि आप इसे सहन नहीं करें।

पूनिया ने यह भी कहा कि कम से कम 4 रुपए प्रति लीटर बोनस तो दुग्ध उत्पादकों को मिलना ही चाहिए। हरियाणा में 5 रुपए और कर्नाटक में 4 रुपए प्रति लीटर बोनस मिल रहा है।

..सीएम बना दो तो 10 रुपए लीटर बोनस दूंगा
मैं मंत्री महोदय से कई बार कह चुका हूं। मुख्यमंत्री को भी लिखकर दे चुका हूं लेकिन सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। मैं किसी पार्टी की परवाह नहीं करता, किसी से गठजोड़ नहीं किया। दुग्ध उत्पादकों के बोनस के लिए मैं बहुत बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहा हूं। आप कह रहे हो, मैं डेयरी मंत्री बनूं...। मुझे मुख्यमंत्री बनाओ। मैं मुख्यमंत्री बना तो आपको 10 रुपए प्रति लीटर बोनस दूंगा। डेयरी मंत्री के पास क्या सामान होता है। मुझे बड़ा पद दो तो डेयरी मंत्री मेरे अंडर में आएगा।

चुनाव की तैयारी तो नहीं..
जयपुर डेयरी अध्यक्ष रहते हुए पूनिया का यह बयान कई मायनों में आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक पूनिया का झुकाव एक अन्य बड़े राजनैतिक दल के तरफ है। उसी पार्टी से टिकट ले विधायक का चुनाव लडऩे के प्रयास में है। यह इलाका फुलेरा हो सकता है।