
ग्रेटर नगर निगम खोलेगा खेल अकादमी, जारी करेगा ग्रीन बॉन्ड, शहर में लगाएंगे ई—व्हीकल चार्जिंग पॉइंट
जयपुर। जयपुर ग्रेटर नगर निगम अपनी खुद की खेल अकादमी खोलेगा। इसके साथ ही ग्रीन बॉन्ड भी जारी किया जाएगा। निगम प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू की है। इसके लिए 25 मई को होने वाली साधारण सभा (बोर्ड बैठक) की बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लगाई जाएगी। इसके अलावा ग्रेटर निगम क्षेत्र के सभी सामुदायिक केन्द्र अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे। वहीं निगम का खुद का अत्याधुनिक सुविधा युक्त ऑडिटोरियम भी होगा। इनके प्रस्ताव साधारण सभा की बैठक में रखे जाएंगे।
ग्रेटर नगर निगम की चतुर्थ बोर्ड बैठक 25 मई को निगम के स्वामी विवेकानंद सभासद भवन में होगी। इसमें 21 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसमें सबसे अधिक एजेंडे सफाई से जुड़े हुए है। नगर निगम ग्रेटर के मानसरोवर जोन, विद्याधर नगर जोन, झोटवाड़ा जोन, जगतपुरा जोन, सांगानेर जोन में बैटरी चलित ई—हूपर घर—घर से कचरा संग्रहण का काम करेंगे। ई—हूपर खरीदने के लिए बजट की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति भी बोर्ड बैठक में ली जाएगी।
इन प्रस्तावों पर भी होगी चर्चा
— नगर निगम ग्रेटर जयपुर के सामुदायिक केंद्रों को अत्याधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने पर चर्चा होगी। नगर निगम ग्रेटर के सामुदायिक केंद्रों में गर्मी के दिनों में विश्राम स्थल बनाने के संबंध में विचार—विमर्श किया जाएगा।
— निगम के विकसित शवदाह गृह व श्मशान घाट में निगम द्वारा नि:शुल्क गोकाष्ठ उपलब्ध कराई जाएगी।
— नगर निगम ग्रेटर के सर्किल, डिवाइडर, तिराहाख् चौराहा आदि का विकास एवं संधारण कार्य विकास समितियों, संस्थाओं, कंपनियों के माध्यम से करवाने के संबंध में चर्चा होगी।
— नगर निगम ग्रेटर जयपुर मुख्यालय कैंपस के गार्डन एरिया में बेसमेंट पार्किंग विकसित करने के संबंध में चर्चा होगी।
नई सीवर लाइन का होगा काम
अमृत योजना के तहत सभी जोन क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को बदलने एवं नई सीवर लाइन के कार्य की स्वीकृति ली जाएगी। इसके लिए डीपीआर अनुसार 480 करोड़ रुपए के बजट की स्वीकृति के प्रस्ताव का अनुमोदन किया जाएगा।
Published on:
18 May 2023 08:08 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
