
जयपुर में बांधों के लिए इस बार मानसून खुशियों का मानसून साबित हो रहा है। बीते तीन दिन झमाझम बारिश के बाद कानोता समेत सात बांध ओवर फ्लो हो गए हैं और इन पर चादर चल रही है। वहीं खास बात यह भी है कि 26 फीट भराव क्षमता वाले फुलेरा स्थित कालख सागर बांध में 12 साल बाद पहली बार पानी की आवक हुई है। बांध में तीन दिन की बारिश के दौरान चार फीट पानी की आवक हुई है। उधर जिले के बांध भरे तो शहर के लोग कानोता समेत अन्य बांधों पर पहुंचने लगे हैं और मानसून उत्सव मना रहे हैं।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जयपुर जिले में 32 बांध हैं। मानसून सीजन में बारिश की झमाझम के बाद 18 बांध में पानी की आवक हुई है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी पूरे अगस्त में मानसून सक्रिय रहेगा और बांधों में पानी की आवक होगी। बांधों में पानी के आने में कोई रुकावट नहीं हो इसके लिए कई जगह बहाव क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए हैं।
जयपुर जिले के कानोता और नेवटा बांध पर वाटर टूरिज्म को बढ़ावा देने की बातें पर्यटन निगम के अफसरों ने एक वर्ष पहले कही थीं। योजना के तहत इन दोनों बांधों पर हाई स्पीड बोटिंग, हाउस बोट, चौपाटी जैसी गतिविधियां शुरू करने की योजना बनी थी लेकिन दोनों ही बांधों पर इस दिशा में कोई काम आज तक नहीं हुआ है।
Updated on:
5 Aug 2024, 7:51 AM IST
Published on:
5 Aug 2024, 7:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.