
राजधानी जयपुर में मानसून ट्रफ लाइन ने दिशा बदल ली है। मंगलवार को सुबह खासी गर्मी थी। लोग परेशान होकर बारिश को याद ही कर रहे थे कि अचानक मौसम बदल गया। दोपहर करीब एक बजे शहर में बारिश का दौर शुरू हो गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में करीब दो घंटे तक बारिश हुई।
जयपुर में आज भी बादल छाए हुए है। मौसम विभाग ने अगले 120 मिनट में प्रदेश के जयपुर, जयपुर शहर, दौसा, सीकर, सवाईमाधोपुर, अजमेर और भीलवाड़ा जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं, विभाग ने नागौर, टोंक, भरतपुर, करौली, अलवर, बूंदी, बारां, कोटा, झुंझुनूं, चूरू और बाड़मेर जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। जिसके अनुसार इन जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि परिसंचरण तंत्र दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के पाकिस्तान क्षेत्र के ऊपर स्थित है। ऐसे में पूर्वी राजस्थान के भी अधिकतर भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने आएगी। 23 अगस्त तक बूंदी, चित्तौडगढ़, कोटा, सवाईमाधोपुर, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद, झालावाड में येलो अलर्ट जारी किया है। कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में 24-25 अगस्त से पुनः भारी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की आशंका है।
Updated on:
22 Aug 2024, 8:13 AM IST
Published on:
21 Aug 2024, 2:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.