
जयपुर जंक्शन पर ट्रेन के कोच तक हो रही लपकों की घुसपैठ (पत्रिका फोटो)
Jaipur Railway Station: जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर इन दिनों लपकागिरी यात्रियों के लिए भारी मुसीबत बनती जा रही है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लपके स्टेशन के पोर्च से लेकर प्लेटफॉर्म तक सक्रिय हैं और ट्रेन आते ही यात्रियों पर टूट पड़ते हैं। हाथ में बैग या सूटकेस देखते ही उसे पकड़कर खींचतान शुरू कर देते है। यात्रियों पर होटल में कमरा या टैक्सी बुक कराने का दबाव बनाते रहते हैं।
इन हरकतों से सबसे ज्यादा परेशानी विदेशी पर्यटकों, महिला और बुजुर्ग यात्रियों को हो रही है। रोजाना ऐसे हालात देखे जा रहे हैं। यात्रियों की इस पीड़ा को देखते हुए राजस्थान पत्रिका टीम ने सोमवार को स्टेशन पर पड़ताल की।
इसमें चौकाने वाले हालात सामने आए। पता चला कि लपकागिरी न केवल यात्रियों के लिए परेशानी बनी हुई है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में भी गंभीर सेंध नजर आई। हालात देखकर मिलीभगत की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
जयपुर जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी दोनों थाने मौजूद हैं। हर प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे सुरक्षा जवानों की तैनाती रहती है। स्टेशन के ठीक सामने डीआरएम ऑफिस है, जो मंडल का मुख्यालय है।
रेलवे के अधिकारी दिनभर यहां आवाजाही करते हैं। फिर भी खुलेआम लपकागिरी चलती रही। यात्रियों का आरोप है कि बिना मिलीभगत के इतने बड़े स्तर पर यह गतिविधियां संभव नहीं हैं। क्योंकि हमें बिना प्लेटफॉर्म टिकट और यात्रा टिकट के एंट्री नहीं मिलती, जबकि ये खुलेआम घूम रहे हैं।
पड़ताल के दौरान रिपोर्टर ने आम यात्री बनकर कुछ लपकों से बातचीत की। इस दौरान एक लपके ने कहा कि हम काम कर रहे हैं, कोई दिक्कत नहीं है। जब रोकटोक को लेकर सवाल किया गया तो उसने कहा कि हमें कोई रोकने वाला नहीं है।
दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही लोको कॉलोनी की ओर से हावड़ा ब्रिज पर रिपोर्टर पहुंचा तो देखा कि आरपीएफ स्टॉफ की कुर्सियों पर दो लपके बैठे थे। वहां से गुजर रहे यात्रियों को रोककर कोई होटल तो कोई टैक्सी बुक कराने का दबाव बना रहे थे। जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन की ओर बढ़े, वहां भी पुलिया पर लपके यात्रियों को होटल और टैक्सी के विजिटिंग कार्ड थमा रहे थे। कई यात्री बचते नजर आए, लेकिन वे लगातार पीछे पड़ते रहे।
दोपहर करीब सवा एक बजे जैसे ही लीलण एक्सप्रेस और उदयपुर सिटी इंटरसिटी प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो लपके सीधे ट्रेन के कोच तक पहुंच गए। इसी दौरान कुछ लपकों की नजर एक विदेशी जोड़े पर पड़ी। चार-पांच लपकों ने उन्हें घेर लिया।
विदेशी पर्यटक असहज नजर आए, लेकिन लपकों ने उन्हें प्लेटफॉर्म, पुलिया और स्टेशन से बाहर निकलने तक नहीं छोड़ा। इसी तरह अन्य यात्रियों को भी लगातार परेशान किया जाता रहा। स्टेशन के मुख्य एंट्री गेट पर टैक्सी चालकों की भीड़ मिली।
लपकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं और केस बना रहे हैं। यदि लपके प्लेटफॉर्म पर पहुंच रहे हैं तो अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे।
-प्रदीप कुमार, इंचार्ज, आरपीएफ थाना प्रभारी, जयपुर जंक्शन
Published on:
15 May 2026 11:05 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
