1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो फेज-2 ने पकड़ी रफ्तार, प्रहलादपुरा में मिट्टी की जांच शुरू, जल्द खड़े होंगे पिलर

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो फेज-2 के शिलान्यास से पहले प्रशासन पूरी तैयारियां करने में लगा है। इसी के तहत प्रहलादपुरा में मिट्टी की जांच शुरू हो गई है।

2 min read
Google source verification
Jaipur Metro Phase 2 Package 1 Prahladpura soil testing start pillars erected soon

Jaipur Metro Phase-2. प्रहलादपुरा में मिट्टी की जांच करते अफसर। फोटो पत्रिका

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो फेज-2 के शिलान्यास से पहले प्रशासन पूरी तैयारियां करने में लगा है। इसी के तहत प्रहलादपुरा में मिट्टी की जांच शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया आगे और बढ़ेगी। मेट्रो अधिकारियों की मानें तो पैकेज वन का काम धरातल पर जल्द ही रफ्तार पकड़ने वाला है। माना जा रहा है कि मिट्टी की जांच पूरी होने के बाद ही रूट पर पियर (पिलर) खड़े करने का काम विधिवत रूप से शुरू हो सकेगा।

यह सुनिश्चित करने के लिए कि जयपुर मेट्रो के खंभे (पियर्स) बिना किसी धंसाव के भारी दबाव झेल सकें, मिट्टी की बेयरिंग कैपेसिटी मापी जाती है। इसी जांच के आधार पर स्ट्रक्चरल डिज़ाइन तय होती है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौके पर खंभे और निर्माण कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगा।

सीएम भजनलाल के निर्देशों के बाद राजधानी जयपुर में मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को लेकर काम में तेजी आ गई है। जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JMRC) ने फेज-2 के तहत महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए 918.04 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले प्रोजेक्ट के लिए स्वीकृति पत्र (एलओए) जारी कर दिया है।

कुल 10 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे

इस प्रोजेक्ट के तहत फेज-2 के पहले पैकेज में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक लगभग 12 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस कॉरिडोर पर एलिवेटेड वायाडक्ट के साथ कुल 10 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला शामिल हैं। यह कॉरिडोर शहर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

पैकेज-1 का हाल

कुल बजट (लागत) - 918 करोड़ रुपए
रूट (कॉरिडोर) - प्रह्लादपुरा से पिंजरापोल गोशाला
कुल लंबाई - 12 किलोमीटर
मेट्रो स्टेशन्स - 10 स्टेशनों का होगा निर्माण
काम की समय सीमा - 34 महीने।

मेट्रो फेज-2 के शेष 29 किमी के लिए जल्द शुरू होगी निविदा प्रक्रिया

परियोजना में मेट्रो डिपो तक पहुंचने के लिए स्पर लाइन का निर्माण भी शामिल है, जिससे संचालन और रखरखाव में सुविधा मिलेगी। कुल प्रस्तावित 41 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क में से शेष 29 किलोमीटर के लिए भी जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो फेज-2 के लिए 13,037.66 करोड़ रुपए के विशाल बजट को मंजूरी दी थी। इसके बाद राजस्थान सरकार मेट्रो फेज-2 के इस प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने के लिए तेजी से काम कर रही है।