
फाइल फोटो पत्रिका
Jaipur Police Action: राजस्थान की राजधानी जयपुर में ड्रग माफियाओं के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (CST) ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। जयपुर पुलिस ने सांगानेर और प्रतापनगर थाना इलाकों में दो अलग-अलग कार्रवाइयां करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ 'हाइड्रोफोनिक विड' (ऑर्गेनिक विदेशी गांजा) बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन हाई-प्रोफाइल तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो लग्जरी कारों के जरिए नशे का कारोबार कर रहे थे।
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बरामद किया गया यह हाइड्रोफोनिक विड मुख्य रूप से थाईलैंड (बैंकॉक) से तस्करी कर भारत लाया जाता है। इसे स्थानीय नशेड़ी और तस्करों की भाषा में 'OG' के नाम से जाना जाता है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 910.01 ग्राम गांजा, 1.55 लाख रुपये की नकदी और एक लग्जरी XUV 400EV गाड़ी बरामद की है।
पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में CST की टीम ने पहली कार्रवाई सांगानेर इलाके में की। पुलिस को सूचना मिली थी कि 'चीलगाड़ी रेस्टोरेंट' के पास एक लग्जरी वाहन में तस्करी की जा रही है। टीम ने घेराबंदी कर XUV 400EV (RJ60 CE 7194) को रोका और तलाशी ली। 541 ग्राम हाइड्रोफोनिक विड और 1,55,000 रुपये नकद बरामद हुए। मामले में मौलिक अग्रवाल (23): वैशाली नगर, जयपुर और फोरमेन सैनी (26) टोंक , हाल निवासी जगतपुरा, जयपुर को अरेस्ट किया गया। दूसरी कार्रवाई प्रतापनगर पुलिस थाना क्षेत्र के कुंभा मार्ग पर की गई। पुलिस ने सेक्टर 11 रोड के पास से नितिन शर्मा (25) नाम के युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से दौसा के बांदीकुई का रहने वाला है और वर्तमान में प्रतापनगर में किराये के मकान में रह रहा था। उसके कब्जे से 369.01 ग्राम विदेशी गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व एडिशनल पुलिस कमिश्नर (CST) और उनकी विशेष टीम ने किया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत साझा करें।
Published on:
18 Feb 2026 11:46 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
