
बदमाशों ने कारों से की स्टंटबाजी, पत्रिका फोटो
Jaipur Stunt Driving: जयपुर के पत्रकार कॉलोनी में 4 दिन पहले आधी रात ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल हो गया। सड़क पर अचानक तेज रफ्तार एसयूवी और कारों का काफिला पहुंचा और कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका चीख-पुकार, गाड़ियों की टक्कर और हुड़दंग से गूंज उठा। बदमाश सड़क पर स्टंटबाजी करते हुए एक-दूसरे की गाड़ियों में टक्कर मार रहे थे। कोई तेज हॉर्न बजा रहा था तो कोई खिड़की से बाहर निकलकर चिल्ला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऐसा लग रहा था जैसे सड़क पर कोई गैंगवार होने वाली हो। लोग डर के कारण अपनी गाड़ियां रोककर दूर खड़े हो गए। कई बाइक सवार रास्ता बदलकर निकल गए। कुछ लोग दुकानों और मकानों के बाहर खड़े होकर पूरी घटना देखते रहे, लेकिन किसी की हिम्मत बदमाशों के करीब जाने की नहीं हुई।
घटना 24-25 मई की रात पत्रकार चौराहे के पास नीमड़ी वाले बालाजी के निकट हुई। इलाके में पहले से 20 से 30 वाहनों के खड़े होने और झगड़े की तैयारी जैसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को मिली थी। बताया जा रहा है कि थोड़ी देर बाद 8 से 10 गाड़ियों में युवक वहां पहुंचे और अचानक सड़क पर आतंक शुरू हो गया।
तेज रफ्तार में दौड़ रही एसयूवी और कारें एक-दूसरे के बेहद करीब आकर कट मार रही थीं। कुछ वाहन जानबूझकर एक-दूसरे से टकराए गए। सड़क पर टायरों की तेज आवाज और ब्रेक की चीख सुनकर आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों को लगा कि कोई बड़ा हादसा हो गया है।
माहौल तब और बिगड़ गया जब बदमाश गाड़ियों से उतरकर डंडे, सरिए और पत्थर लेकर एक-दूसरे के वाहनों पर टूट पड़े। कुछ ही देर में सड़क पर कांच बिखर गए। आरोपियों ने आसपास खड़े वाहनों को भी नहीं छोड़ा। कई गाड़ियों पर पत्थर फेंके गए और डंडों से हमला किया गया।
घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ परिवार अपनी कारों में बच्चों के साथ लौट रहे थे, लेकिन सड़क पर हो रहे हुड़दंग को देखकर उन्होंने गाड़ियां मोड़ लीं। कई बाइक सवार डर के कारण दूर खड़े हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी में देर रात काले शीशों वाली एसयूवी और लग्जरी गाड़ियों से स्टंटबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई युवा सोशल मीडिया रील और दबदबा दिखाने के लिए सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते हैं। इससे न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ती है बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश अपनी गाड़ियां तेज रफ्तार में भगाने लगे। इस दौरान कुछ वाहन सड़क पर लहराते हुए दौड़े, जिससे अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस ने पीछा कर बदमाशों को खदेड़ा और बड़ी वारदात होने से रोका।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि मामले में पुलिस और डीएसटी टीम ने विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास शर्मा (20), महेश शर्मा (21), लेखराज गुर्जर और लोकेश लाम्बा (20) शामिल हैं। आरोपी टोंक और पीपलू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो एसयूवी और एक काले रंग की कार जब्त की है।
Updated on:
28 May 2026 07:07 am
Published on:
28 May 2026 07:07 am
