9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Water Crisis: 15 साल में रेड जोन भी ग्रीन नहीं, बदलती रहीं सरकारें… बदलाव का कोई सीन नहीं

Jaipur Water Crisis: जयपुर शहर के जलदाय विभाग ने उत्तर और दक्षिण सर्कल में बीते 15 वर्ष से 19 इलाकों को कभी भी घरों में दूषित पानी आने के मामले में अतिसंवेदनशील मानते हुए रेड जोन की सूची में डाल रखा है।

2 min read
Google source verification
jaipur_water_crisis.jpg

Jaipur Water Crisis: जयपुर शहर के जलदाय विभाग ने उत्तर और दक्षिण सर्कल में बीते 15 वर्ष से 19 इलाकों को कभी भी घरों में दूषित पानी आने के मामले में अतिसंवेदनशील मानते हुए रेड जोन की सूची में डाल रखा है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि जलदाय इंजीनियरों ने आज तक इन इलाकों को रेड जोन सूची से निकालने के कोई ठोस प्रयास धरातल पर नहीं किए। ऐसे में दोनों सर्कल की लाखों की आबादी आज भी आए दिन दूषित पानी का दंश झेल रही है।

जर्जर पाइप लाइनों को माना था दूषित पानी आने का बड़ा कारण
जानकारी के अनुसार 2008-2009 में शहर के कई इलाकों में दूषित पानी की सप्लाई से हाहाकार मच गया। विभाग के तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव ने शहर का सर्वे कराया और दूषित पानी की सप्लाई को लेकर इलाके चिन्हित करवाए। सर्वे में जर्जर पाइप लाइनों को दूषित पानी आने का बड़ा कारण माना गया था।

उत्तर-दक्षिण सर्कल के ये इलाके रेड जोन में
- हीदा की मोरी लक्ष्मीनारायणपुरी
- रामगंज
- चौकड़ी मोदीखाना
- चौकड़ी तोपखाना देश,जालूपुरा
- संगम विहार ईदगाह
- शास्त्री नगर में किशनबाग, नाहरी का नाका
- सिवार एरिया सुभाष चौक
- बलजी की कोठी घाटगेट
- विजयबाड़ी मुरलीपुरा
- सांगानेर
- कागजी मोहल्ला
- शिव कॉलोनी, बाईजी की कोठी, झालाना
- गायत्री नगर राकड़ी-सोढाला
- शांति नगर, मजदूर नगर-हसनपुरा क्षेत्र
- हसनपुरा ए,बी,सी
- कमेला की गली-एमडी रोड
- जीवा चौधरी की गली, खाल गोदाम, एमडी रोड


समस्या के लिए 8279100526, 9983988025 पर वॉट्सएप करें
जलदाय विभाग के सचिव डॉ. समित शर्मा के आदेश के बाद जलदाय विभाग ने शनिवार को प्रदेश में गर्मी के दौरान पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए राज्य व जिला स्तर पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक राज्य व जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष का मोबाइल नंबर 8279100526 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष में दर्ज पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने पर प्रभारी नीतू चौधरी के मोबाइल नंबर 9983988025 पर सम्पर्क किया जा सकता है। इन दोनों नंबरों पर केवल वॉट्सऐप किया जा सकता है। राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2222585 पर भी पेयजल समस्या दर्ज कराई जा सकती है।

बाईजी की कोठी-एक घंटे की जगह 20 मिनट पानी, बूंद-बूंद का संकट
जलदाय विभाग के मालवीय नगर खंड के झालाना में बाईजी की कोठी क्षेत्र की सोमेश्वरपुरी के लोग कम प्रेशर से पानी की सप्लाई से परेशान हैं। यहां हालात ऐसे हैं कि जहां पहले एक घंटे सप्लाई होती थी, वहीं अब महज 20 मिनट से भी कम सप्लाई हो रही है। ऐसे में लोगों के सामने बूंद-बूंद पानी का संकट झेलने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी राजेश चावला और वार्ड पार्षद लक्ष्मण लूनीवाल ने शनिवार को पत्रिका को बताया कि कई वर्षों से इस क्षेत्र के लोग पानी की समस्या झेल रहे हैं। जलदाय इंजीनियरों को कई बार समस्या बताई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। अब स्थिति ऐसी कि सुबह सप्लाई शुरू होती है और महज 20 मिनट बाद बंद हो जाती है। लोग आस-पास के सरकारी कार्यालयों, छात्रावास के बाहर लगे नलों से अपनी पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए पानी भर कर ला रहे हैं। पार्षद लूनीवाल ने कहा कि रविवार को समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सोमवार को मालवीय नगर जलदाय कार्यालय पर प्रदर्शन होगा।

पानी की समस्या की सूचना पर इंजीनियर मौके पर गए थे और स्थिति को देखा। इंजीनियरों से रिपोर्ट लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे।
निशा शर्मा, अधिशासी अभियंता, मालवीय नगर खंड

यह भी पढ़ें- Viral Letter : सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा 'राजस्थानी भाषा' में प्रशासन का ये पत्र, हर तरफ हो रहे चर्चे