जयपुर। प्रशासन शहरों के संग अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार को हुई। पहले दिन राजधानी में जेडीए ने 1327 पट्टे जारी किए। वहीं, ग्रेटर नगर निगम ने 12 और हैरिटेज नगर निगम ने एक भी पट्टा जारी नहीं किया।
जेडीए ने पट्टे जारी करने के अलावा 92 नाम ट्रांसफर, 42 उप विभाजन, 796 बिल्डिंग प्लान अनुमोदन, 271 बकाया लीज और एक मुश्त लीज प्रमाण पत्र भी जारी किए। आयुक्त रवि जैन ने बताया कि मई में 296 नियमन शिविर लगाए जाएंगे।
शहरी सरकारों की नहीं बढ़ी गति
—ग्रेटर नगर निगम और हैरिटेज नगर निगम के अधिकिारी अभियान को गति नहीं दे पा रहे हैं। ग्रेटर नगर निगम मुख्यालय में महापौर सौम्या गुर्जर और आयुक्त महेंद्र सोनी ने 12 लोगों को पट्टे जारी किए।
—हवामहल जोन में शिविर के दौरान दो प्रकरण प्राप्त हुए। उपायुक्त दिलीप शर्मा ने बताया वार्ड 1 से 4 तक का शिविर लगाया गया था। जल्द ही इनको पट्टे जारी किए जाएंगे।
महापौर ने औचक निरीक्षण कर लिया जायजा
ग्रेटर नगर निगम महापौर सौम्या गुर्जर ने सोमवार को मालवीय नगर जोन कार्यालय में जाकर व्यवस्थाओं को देखा। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की।