25 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फोन टैपिंग मामलाः पोस्टर वॉर के बाद अब धार्मिक अनुष्ठानों की एंट्री, जोशी समर्थकों का सद्बुद्धि महायज्ञ

-केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सद्बुद्धि देने के लिए शहीद स्मारक पर हुआ महायज्ञ और हनुमान चालीसा का पाठ, सोशल मीडिया वॉर और पोस्टर वॉर के बाद अब धार्मिक अनुष्ठानों की एंट्री, मुस्लिम महिलाओं ने भी महायज्ञ में दी आहुतियां

2 min read
Google source verification
mahesh joshi

mahesh joshi

जयपुर। फोन टैपिंग मामले में मुख्य सचेतक महेश जोशी को दिल्ली पुलिस के नोटिस मिलने के बाद से ही महेश जोशी समर्थकों और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समर्थकों के बीच प्रदर्शनों का दौर जारी है। महेश जोशी और गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच सोशल मीडिया वॉर और पोस्टर वॉर के बाद अब धार्मिक अनुष्ठानों की एंट्री भी हो चुकी है।

गुरुवार को सुबह 10 बजे महेश जोशी समर्थकों ने पुलिस कमिश्नरेट के पास स्थित शहीद स्मारक पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सद्बुद्धि देने के लिए महायज्ञ किया और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। तकरीबन 1 घंटे तक चले महायज्ञ में 200 से ज्यादा महेश जोशी समर्थक शामिल हुए और आहुति दी।

महायज्ञ के जरिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और दिल्ली पुलिस को भी सद्बुद्धि देने की प्रार्थना ईश्वर से की गई। धार्मिक अनुष्ठान के संयोजक और जोशी समर्थक माने जाने वाले एडवोकेट राजेश कर्नल ने बताया कि सद्बुद्धि महायज्ञ इसलिए किया गया है ताकि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और दिल्ली पुलिस को भगवान सद्बुद्धि प्रदान करें और वह भविष्य में दबाव में आकर असंवैधानिक तरीके से महेश जोशी या अन्य किसी को भी कोई नोटिस ना भेजें।


राजेश कर्नल ने बताया कि गजेंद्र सिंह शेखावत और उनके समर्थक ओछी लोकप्रियता हासिल करने के लिए पोस्टरबाजी कर रहे हैं जो कि सही नहीं है। केंद्रीय मंत्री शेखावत की ओर से महेश जोशी के खिलाफ किए जा रहे षड़यंत्र से जयपुर की जनता में नाराजगी है।

मुस्लिम महिलाओं ने भी दी यज्ञ में आहुतियां
वहीं सद्बुद्धि महायज्ञ में पहुंची मुस्लिम महिलाओं ने भी महायज्ञ में आहुति देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार दिल्ली पुलिस पर दबाव डालकर मुख्य सचेतक में जोशी को फोन टैपिंग मामले में फंसाना चाहती है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ये हुए सद्बुद्धि महायज्ञ में शामिल
शहीद स्मारक पर हुए सद्बुद्धि महायज्ञ में महेश जोशी समर्थकों के साथ ही जयपुर नगर निगम हेरिटेज के डिप्टी मेयर असलम फारुकी, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव सुनील परवानी, कांग्रेस नेता स्नेहलता भारद्वाज, मित्रोंदय गांधी, महिला कांग्रेस की जयपुर हेरिटेज अध्यक्ष रानी लुबना, महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री रूबी खान सहित कई अन्य लोग भी महायज्ञ में आहुति देने पहुंचे।


गौरतलब है कि फोन टेपिंग मामले में महेश जोशी को दिल्ली पुलिस का नोटिस मिलने के बाद जोशी समर्थकों और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के समर्थकों के बीच प्रदर्शनों का दौर जारी है। जोशी समर्थकों ने केंद्रीय मंत्री शेखावत के खिलाफ जहां बड़ी चौपड़ और शहीद स्मारक पर प्रदर्शन किया था तो वहीं गजेंद्र सिंह शेखावत के समर्थकों ने महेश जोशी के खिलाफ सिविल लाइन फाटक पर प्रदर्शन किया था।