
फाइल फोटो पत्रिका
Republic Day Alert: गणतंत्र दिवस से पहले पूरे प्रदेश में सुरक्षा बंदोबस्त चाक चौबंद किया गया है। शहरों और प्रदेश की सीमाओं पर सख्त नाकाबंदी और तलाशी अभियान जारी है। इस बीच खबर राजधानी जयपुर से है। जयपुर पुलिस ने विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से होटल में ठहरने का मामला खोला है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम जयपुर दक्षिण ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए होटल गोल्डन सफ़रा में अवैध रूप से रह रही तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जयपुर शहर में होटलों में अवैध रूप से ठहरने वाली विदेशी महिलाओं की सूचना मिलने पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित होटल गोल्डन सफ़रा पर दबिश दी। जांच के दौरान होटल में कुल छह विदेशी महिलाएं मौजूद पाई गईं। पुलिस ने जब उनके पासपोर्ट और वीजा की जांच की तो तीन विदेशी महिलाओं का वीजा समाप्त पाया गया।
जांच में सामने आया कि ये तीनों विदेशी महिलाएं अपनी पहचान छिपाकर होटल में अवैध रूप से रह रही थीं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई महिलाओं को थाना हाजा में धारा 126 और 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने होटल गोल्डन सफ़रा के मालिक को भी आरोपी बनाया है। होटल मालिक पर अवैध रूप से होटल में विदेशी नागरिकों को ठहराने और विदेशी अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप है। इस संबंध में विदेशी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने होटल के रजिस्ट्रेशन को निरस्त कराने के लिए नगर निगम को पत्र भी लिखा है। तीनों महिलाएं थाईलैंड की बताई जा रही हैं।
Updated on:
25 Jan 2026 11:59 am
Published on:
25 Jan 2026 11:59 am
