
जर्जर भवन की जगह अब नया भवन बनेगा। फोटो: पत्रिका
जयपुर। बगरू क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामपुरा (कंवरपुरा) के जर्जर भवन की जगह अब नया भवन बनाया जाएगा। 18 लाख रुपए से भवन निर्माण का काम एक सितंबर से शुरू होगा। स्वीकृत राशि में डीएमएफटी से 12 लाख और विधायक कोष से 6 लाख रुपए की राशि शामिल है। दो दिन पहले इसी स्कूल के निरीक्षण के चलते कॉकरोच जनता पार्टी कार्यकर्ताओं से मारपीट हुई थी। इसके बाद यह स्कूल सरकार और प्रशासन की निगाह में आया और नए भवन के लिए फाइल तेजी से दौड़ी।
1985 में बने भवन को सितंबर 2025 में तकनीकी सर्वे कराने के बाद जर्जर घोषित कर उपयोग से मना कर दिया गया था। विद्यार्थियों को बीलवा स्कूल में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव था, लेकिन बच्चों की परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने जनसहयोग से विद्यालय संचालन के लिए दो कमरे और एक टीनशेड उपलब्ध कराया। बाद में दो कमरे व बरामदे वाला भवन उपलब्ध कराया गया, जहां फिलहाल विद्यालय का संचालन हो रहा है। विद्यालय में 18 विद्यार्थी नामांकित है और दो शिक्षक कार्यरत है।
रामपुरा-कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर हुआ विवाद पुलिस जांच तक पहुंच गया है। शनिवार सुबह सीजेपी की ओर से रेखा शर्मा ने और ग्रामीणों की ओर से भगवान सहाय ने एक-दूसरे पक्ष के खिलाफ शिवदासपुरा थाने में मारपीट और तोड़फोड़ के आरोपों को लेकर एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीजेपी का कहना है कि पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका अपनी टीम के साथ सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें गांव में प्रवेश करने से रोक दिया। मारपीट की गई और उनके वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार सुबह सीजेपी के लोग पहुंचे थे। स्कूल निरीक्षण के बहाने टीम ने स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज की। जब गांव के लोगों ने इसका विरोध किया और उन्हें समझाने का प्रयास किया तो सीजेपी टीम की ओर से अभद्रता की गई। इसके बाद उनके साथ मारपीट भी की गई, जिसमें गांव के कई लोग घायल हो गए।
एसीपी चाकसू भवानी सिंह ने बताया कि रामपुरा-कंवरपुरा क्षेत्र में सरकारी स्कूल के निरीक्षण के दौरान सीजेपी टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की शिकायत पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
Updated on:
23 Aug 2026 07:13 am
Published on:
23 Aug 2026 07:13 am
