
राजस्थान की पारंपरिक सब्जी,महंगी केर सांगरी, पत्रिका फोटो
Rajasthan Traditional Food: राजस्थानी केर, सांगरी और लसोड़े की सब्जी अब 'स्टेटस सिंबल' बन गई है। धोरों व जंगलों में उगने वाली ये सब्जियां बड़े शहरों के डाइनिंग टेबल और फाइव स्टार होटलों की 'प्रीमियम डिश' की सूची में शामिल हो गई है। इनके दाम बादाम-काजू और देसी घी से मुकाबला कर रहे हैं। बाजार में केर जहां 500 रुपए किलो बिक रहे हैं, वहीं सूखी सांगरी के भाव 1400 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं, जो इसे देश की सबसे महंगी सब्जियों की फेहरिस्त में खड़ा करता है।
शादियों में पारंपरिक राजस्थानी जायके के रूप में इन्हें परोसा जा रहा है। हैरिटेज से लेकर फाइव स्टार होटलों में केर, सांगरी व लसोड़े की सब्जी राजस्थानी थाली में परोसी जा रही है। एक थाली ही 400 रुपए से लेकर 3 हजार रुपए तक की दी जा रही है। यदि आप अलग से एक कटोरी (प्रति सर्विस) केर-सांगरी मंगवाते हैं, तो इसके लिए 150 से 500 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। देशी-विदेशी मेहमानों के बीच भी इस पारंपरिक स्वाद की जबरदस्त मांग रहती है। शहर के रेस्टोरेंट में भी अब केर, सांगरी व लसोड़ा की सब्जी मिल रही है।
केर इन दिनों फागी, बगरू, दौसा के अलावा बीकानेर, जैसलमेर से आ रहा है, जो बाजार में 200 रुपए से लेकर 500 रुपए किलो तक बिक रहा है। वहीं लसोड़ा पुष्कर, चौमूं व गुजरात से आ रहा है, यह बाजार में 40 रुपए से 100 रुपए किलो तक बिक रहा है। जबकि सांगरी किराना व पंसारी की दुकानों के साथ डिपार्टमेंट स्टोर में 800 से 1400 रुपए किलो तक बिक रही है। सांगरी इन दिनों बाजार में सूखी मिल रही है, जो बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर से अधिक आ रही है।
औषधीय गुणों के कारण इन्हें 'सुपरफूड' भी माना जा रहा है। डॉक्टर्स और डाइटिशियन इस पारंपरिक सब्जी को खाने की सलाह दे रहे हैं। इसमें माइक्रो न्यूट्रिएंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यही वजह है कि यह अब आम थाली में जगह बनाती जा रही है।
केर, सांगरी व लसोड़ा में जिंक, मैग्नीशियम, कैल्शियम, पोटेशियम और आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। ये ब्लड शुगर, डायबिटिज व हृदय रोगियों के लिए बहुत फायदेमंद है। हम लोगों को इन्हें खाने के लिए सलाह देते हैं।
होटलों के मैन्यू में केर व सांगरी की सब्जी शामिल हैं। पर्यटक राजस्थानी भोजन की डिमांड करते हैं और उन्हें ये सब्जी बहुत पसंद भी आती है। होटलों में ये अब नियमित बनने लग गई है।
Published on:
29 Apr 2026 09:30 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
