
खो नागोरियान थानाधिकारी निलंबित, लाठी चार्ज में मृतक की पत्नी सहित अन्य परिजन भी घायल, धरना समाप्त
जयपुर। खो नागोरियान की मदिना नगर में गुरुवार सुबह हॉकर मन्नूलाल वैष्णव की हत्या, उपद्रव और लाठीचार्ज के बाद देर शाम थानाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद भाजपा नेताओं ने भी धरना समाप्त कर दिया है। क्षेत्र में अभी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। मौके पर पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता भी तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार खो नागोरियान के थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह को पुलिस प्रशासन ने देर शाम निलंबित कर दिया है। मामले की जांच होने तक वे आयुक्तालय से बाहर ही रहेंगे। उधर इससे पहले खो नागोरियान की मदिना नगर में हॉकर मन्नूलाल वैष्णव की अखबार के रुपए मांगने पर गर्दन काट हत्या कर देने की सनसनीखेज वारदात हुई। स्थानीय लोगों ने आरोपी रफीक को कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हॉकर की गर्दन पर हमला करते देख पकड़ा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। लोगों ने मदिना नगर निवासी आरोपी रफीक खान की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची ने आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात के परिजनों के साथ अन्य लोग थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, तब पुलिस ने आरोपी के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी। इस पर लोग आक्रोशित हो गए।
भाजपा के पूर्व विधायक कैलाश वर्मा और कन्हैयालाल मीणा भी थाने पर पहुंच गए और प्रर्दशन करने लगे। प्रर्दशनकारी पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा थाना परिसर में धरना देने के लिए टैंट लगाने लगे। पुलिस ने प्रर्दशनकारियों को टैंट नहीं लगाने के लिए टोका तो भीड़ में पीछे से किसी ने पत्थर फेंक दिए। इस पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। लाठी चार्ज के दौरान थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे मृतक की पत्नी सहित अन्य परिजनों को भी पीटा गया। दोनों पूर्व विधायकों से बदसलूकी की गई। पूर्व विधायक कैलाश वर्मा को बेहोशी की हालत में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी जानकारी लगने पर भाजपा के सांसद रामचरण बोहरा, राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा, विधायक रामलाल शर्मा, अशोक लाहोटी, पूर्व विधायक अशोक परनामी, सुरेन्द्र पारीक, अरूण चतुर्वेदी सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता थाने पर पहुंच गए।
ये थी प्रमुख मांगें
भाजपा नेता खोनागोरियान थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह को सस्पेंड करने, मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने, मृतक के परिजनों में से एक को सरकारी नौकरी देने और हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के गेट पर धरना देकर बैठ गए। सुबह करीब दस बजे से देर शाम तक खो नागोरियान थाना के सामने आगरा और टोंक हाइवे को जोडऩे वाला मार्ग बंद रहा।
Published on:
05 Sept 2019 09:24 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
