27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कालीवुड वीकली

जयपुर

image

Newsdesk

Jul 27, 2026

Rajasthan

''जन नायकन'' ने रचा बॉक्स ऑफिस इतिहास
चेन्नई. निर्देशक एच. विनोद की बहुप्रतीक्षित तमिल फिल्म ''जन नायकन'' ने गुरुवार को धमाकेदार शुरुआत की। मुख्यमंत्री विजय की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म ने पहले ही दिन विश्वभर में 78 करोड़ रुपए की कमाई कर तमिल सिनेमा में नया कीर्तिमान स्थापित किया। फिल्म उद्योग सूत्रों के अनुसार, ए सर्टिफिकेट के कारण 40 से 50 करोड़ रुपए की कमाई की उम्मीद थी, लेकिन फिल्म की अप्रत्याशित ओपनिंग ने सभी को चौंका दिया।
फिल्म की कहानी थलपति वेट्री कोंडन (विजय) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जेल से रिहा होने के बाद राज्य की अखंडता के लिए संघर्ष करता है। ममता बैजू ने वीजि का किरदार निभाया है, जबकि बॉबी देओल ने जॉन हिमलर की भूमिका में दर्शकों का ध्यान खींचा। फिल्म में महिला सशक्तिकरण, लोकतांत्रिक अधिकार और धर्मनिरपेक्षता जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है।
संगीत अनिरुद्ध रविचंदर का है, जिसने थियेटर में दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। ''जन नायकन'' विजय की विदाई फिल्म मानी जा रही है और इसे दर्शकों व समीक्षकों से मिले-जुले समीक्षाएं मिली हैं। व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी ओपनिंग फिल्म को अगले कुछ हफ्तों तक थिएटर में टिकी रह सकती है।

सूरी के दमदार डांस से मांडाडी का प्रोमो वायरल
चेन्नई. मांडाडी फिल्म के निर्माताओं ने हाल ही इसका जोशीला प्रोमो गीत जारी किया है, जिसमें अभिनेता सूरी के डांस मूव्स चर्चा का मुख्य विषय बन गए हैं। यह प्रोमो गीत 10 सितंबर को होने वाली फिल्म की वर्ल्डवाइड रिलीज से पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सनसनी बन गया है।
इस प्रोमो ट्रैक की संगीत रचना जीवी प्रकाश कुमार ने की है, आवाजें वेलमुरुगन और वाहीसन की हैं। सिनेमाघरों में भी इसे दर्शकों से जबरदस्त उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है, जहां यह फिल्म के प्रचार अभियान का हिस्सा है। फिल्म की टीम ने प्रतिक्रिया में कहा, प्रोमो गीत को मिले अभूतपूर्व प्यार, विशेषकर सूरी के डांस मूव्स और समर्पण को मिली प्रतिक्रिया ने हमें बहुत प्रोत्साहित किया है।
माथिमरन पुगलेंधी द्वारा लिखित और निर्देशित मांडाडी मछुआरों की पारंपरिक नौका दौड़ संस्कृति से प्रेरित है और इसमें दृढ़ निश्चय की थीम को दर्शाया गया है। फिल्म में सूरी, सुहास, महिमा नांबियार, सत्यराज, रविंद्र विजय, अच्युत कुमार, बाला सरवनन, मिथुन और कीर्तिका ने अभिनय किया है। एलरेड कुमार के आरएस इंफोटेनमेंट बैनर तले बनी यह फिल्म फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है।

सूर्या और निर्देशक जितू माधवन की पहली साझेदारी ''सूर्या 47''
चेन्नई. अभिनेता सूर्या की आगामी फिल्म ''सूर्या 47'' का नया पोस्टर बुधवार को अभिनेता के जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया। इस पोस्टर में सूर्या को एक गंभीर और शक्तिशाली रूप में दिखाया गया है, जो निर्देशक जितू माधवन की पिछली फिल्मों ''रोमांचम'' और ''आवेशम'' में देखे गए हास्य और रोमांच के मिश्रण का संकेत देता है। इस फिल्म में सूर्या और निर्देशक जितू माधवन पहली बार साथ आएं हैं। फिल्म के निर्माता अभी कहानी के विवरण को गोपनीय रखे हुए हैं, लेकिन पहले जारी एक प्रचार पोस्टर से संकेत मिला था कि फिल्म की कहानी एक पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमेगी। ''सूर्या 47'' में सूर्या के साथ नासलेन और नजरिया नजीम भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत सुशिन श्याम ने तैयार किया है, जो जितू माधवन के साथ ''आवेशम'' के बाद दोबारा जुड़े हैं।
फिल्म को सूर्या के नए बैनर ''झगराम स्टूडियोज'' और उनके गृह प्रोडक्शन ''2डी एंटरटेनमेंट'' ने संयुक्त रूप से निर्मित किया है, जिसमें ज्योतिका भी निर्माता के रूप में शामिल हैं। हाल ही में फिल्म की शूटिंग पूरी हुई है और अब यह पोस्ट-प्रोडक्शन में है।

1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म मीसाया मुरुक्कु 2
चेन्नई. हिपहॉप तमिला की बहुप्रतीक्षित फिल्म ''मीसाया मुरुक्कु 2'' 25 सितम्बर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। निर्माताओं ने गुरुवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी आधिकारिक घोषणा की। अवनी सिनेमैक्स ने अपने पोस्ट में लिखा, अब और इंतजार नहीं। अब और अनुमान नहीं। 25 सितम्बर। मीसाया मुरुक्कु2 सिनेमाघरों में आ रही है। जश्न के लिए तैयार हो जाइए। इस फिल्म का टीजर इसी वर्ष की शुरुआत में जारी किया गया था, जिसके बाद से ही यह काफी चर्चा हो रही है। फिल्म की कहानी 1980 के दशक में एक गाना गायक और संगीतकार के संघर्ष पर केंद्रित है, जो पारंपरिक संगीत परिवारों के स्थापित शास्त्रीय कलाकारों को चुनौती देता है और अपने संगीत के जुनून से परंपरा और विशेषाधिकार दोनों से टकराता है। हिपहॉप तमिला इस प्रोजेक्ट में निर्देशक, मुख्य अभिनेता, संगीतकार, गीतकार और लेखक की कई भूमिकाएं निभा रहे हैं। उन्होंने फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद भी लिखे हैं, जबकि करण कार्की और नितीश डी. ने अतिरिक्त संवाद दिए हैं। फिल्म में चैत्रा जे. मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में हैं, साथ ही योगी बाबू भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।

हंसिका मोटवानी की हॉरर थ्रिलर ''कपालि'' में दिखेगा मनोवैज्ञानिक रहस्य
चेन्नई. निर्देशक राम गनी की आगामी मनोवैज्ञानिक हॉरर थ्रिलर फिल्म का टाइटल ''कपालि'' घोषित कर दिया गया है। निर्माता विजय कृष्ण लिंगमनेनी द्वारा प्रस्तुत और कल्याण चक्रवर्ती मंथिना व भानु किरण प्रतापा द्वारा सप्त अश्व मीडिया वर्क्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर अभिनेता रोहित नारा के जन्मदिन पर जारी किया गया।
फिल्म में हंसिका मोटवानी और रोहित नारा मुख्य भूमिका में हैं। इसकी कहानी पुलिस पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें मनोवैज्ञानिक हॉरर के साथ-साथ अलौकिक रहस्य का मिश्रण दिखाया गया है। निर्माताओं के अनुसार, ''कपालि'' का अर्थ है "जो खोपड़ी पहनता है" और पोस्टर में फिल्म की रहस्यमयी व तांत्रिक थीम झलकती है।
पोस्टर में डरावनी महिला आकृति को चमकती लाल आंखों के साथ दिखाया गया है, जिसके पास पुलिसकर्मी और पुलिस ट्रांसपोर्ट वाहन चमकते यज्ञ चक्र के भीतर खड़े हैं। टैगलाइन में "अज्ञात की यात्रा" को दर्शाया गया है। सोशल मीडिया पर सप्त अश्व मीडिया वर्क्स ने लिखा, "अज्ञात की यात्रा यहीं से शुरू होती है... #आरएन21 का नाम #कपालि रखा गया है। रोहित नारा को जन्मदिन की शुभकामनाएं।" फिल्म की रिलीज तारीख या अन्य कलाकारों की जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।

वीजे मीनाक्षी सुंदरम की ''चितुकुरिंजी'' में कॉमेडी और फैंटेसी का नया मिश्रण
चेन्नई. ब्लैक एंड व्हाइट मीडिया सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित तमिल रोमांटिक फैंटेसी थ्रिलर ''चितुकुरिंजी'' ने डबिंग स्टेज में प्रवेश कर लिया है। फिल्म की निर्माण टीम ने यह जानकारी साझा की और बताया कि यह पोस्ट-प्रोडक्शन का एक महत्वपूर्ण चरण है। फिल्म का निर्देशन निर्देशक वीजे मीनाक्षी सुंदरम ने किया है। ''चितुकुरिंजी'' में रोमांच, कॉमेडी और फैंटेसी का नया मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म में प्रमुख भूमिका में राजित मेनन हैं, उनके साथ दीपशिखा, नक्षा शरन, वीजे पप्पू, जीएम कुमार, एलवी आधवन, राम्स, हेलो कंदास्वामी, तेनी मुरुगन, सुजाता, कराटे राजा, ईश्वर बाबू, सत्यशीलन, वेलचेरी श्रीधर, मंजू, जोन्स, कृष्णकुमार और एडवोकेट बाबू नजर आएंगे। श्रीराम कार्तिक विशेष भूमिका में दिखेंगे।
फिल्म की कहानी वर्ष 1983 पर आधारित है। इसकी शूटिंग कोडैकनाल के पास पालयंगी हिल्स में लगभग 80 एकड़ के विस्तृत गांव सेट पर की गई है, जिससे फिल्म को प्रामाणिकता मिलती है। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर हंगरी के बुढापेस्ट स्कोरिंग कंपनी स्टूडियो में इंटरनेशनल म्यूजिशियंस के साथ लाइव ऑर्केस्ट्रा द्वारा रिकॉर्ड किया गया है। इस फिल्म के तकनीकी दल में संगीतकार मारा, छायाकार फ्रांसिस राजकुमार ए. और संपादक महेन्द्रन गणेशन शामिल हैं, जबकि निर्माण का दायित्व डी जूड अनंत संभाल रहे हैं। ''चितुकुरिंजी'' जल्द ही विश्वव्यापी थिएटर में रिलीज के लिए तैयार है।