
राहुल आदिवाल की फाइल फोटो: पत्रिका
Rahul Adiwal Of Jaipur: जयपुर के चांदपोल स्थित बालानंद जी का रास्ता गम में डूबा हुआ था। जैसे ही सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 26 साल के राहुल आदिवाल का शव घर पहुंचा, पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। मां बेटे के शव से लिपटकर बोल रही थी कि पोते के जन्मदिन मनाने की इच्छा भी अधूरी रह गई। वह बार-बार बेहोश हो रही थीं और पिता अनिल कुमार आदिवाल की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, वहीं पत्नी मोनिका बेसुध होकर पति को आखिरी बार निहारती रही।
5 साल की बेटी भूमिका और 4 साल का बेटा विपुल अपने आसपास पसरे मातम को समझने की कोशिश कर रहे थे। पड़ोसियों की आंखें भी नम थीं। कई घरों में सोमवार को चूल्हे तक नहीं जले।
नगर निगम में कार्यरत राहुल आदिवाल सांवरिया सेठ के दर्शन कर परिवार के साथ जयपुर लौट रहे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि ये यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी। घर में बेटे विपुल के जन्मदिन की तैयारियों को लेकर उत्साह था। परिवार अगले कुछ दिनों में समारोह की तैयारी में जुटने वाला था लेकिन एक सड़क हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।
हादसे में घायल राहुल के छोटे भाई अभिषेक आदिवाल ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने पर चालक ने उसे अजमेर हाइवे किनारे रोक दिया था। चालक बस को ठीक करने में लगा था। अधिकांश यात्री बस के अंदर बैठे थे जबकि राहुल और उनके साढ़ू बस के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आया एक ट्रक बस में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल उनके साढ़ू और बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए।
हादसे में घायल चचेरी बहन चंचल की आंखों से आंसू नहीं थम रहे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना से कुछ मिनट पहले ही राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा था घर पहुंचकर विपुल के जन्मदिन की तैयारी करनी है। रिश्तेदारों को बुलाना है, तू भी मेरे साथ सारी लिस्ट बना देना। चंचल कहती हैं क्या पता था कि वही उनकी आखिरी बात होगी।
सोमवार को राहुल की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हर आंख नम थी और हर कोई यही कह रहा था कि कुछ पल पहले तक जिस घर में बेटे के जन्मदिन की तैयारियों की चर्चा थी वहां अब अंतिम विदाई की रस्में निभाई जा रही हैं। एक सड़क हादसे ने न केवल एक युवक की जिंदगी छीन ली, बल्कि दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया और पूरे परिवार से उसकी सबसे बड़ी उम्मीद भी हमेशा के लिए छीन ली।
राहुल के पिता अनिल कुमार आदिवाल ने कहा कि परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया, लेकिन हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
30 Jun 2026 08:52 am
Published on:
30 Jun 2026 08:46 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
