
आरोपी जेईएन संजय कुमार
Jaipur ACB JEN trap : जयपुर। जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को नगर निगम जयपुर के एक कनिष्ठ अभियंता (JEN) को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी जेईएन संजय कुमार बैरवा पर आरोप है कि निर्माणाधीन मकान को सील नहीं करने और निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने की एवज में खुद और तत्कालीन उपायुक्त (DC) सुनील बैरवा के नाम पर 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। मामले में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई है।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने अपने पुराने क्षतिग्रस्त मकान को ध्वस्त कर नया मकान बनाने के लिए सिविल लाइंस जोन में भवन निर्माण स्वीकृति का आवेदन किया था। करीब चार महीने बाद मकान की सील खोली गई और उसे बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर व प्रथम तल के निर्माण की विधिवत स्वीकृति मिल गई। इसके बावजूद गत 3 जून को जेईएन संजय कुमार बैरवा और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे। दोनों ने मकान को दोबारा सील करने, गार्ड बैठाने और निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी देकर परिवादी को डराना शुरू कर दिया।
मकान को सील न करने की एवज में आरोपी जेईएन स्वयं और तत्कालीन उपायुक्त (DC) सुनील बैरवा के नाम पर 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगकर परिवादी को परेशान कर रहा था। परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने 4 जून को गोपनीय सत्यापन करवाया, जिसमें 1 लाख रुपए की रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान ही जेईएन के कहने पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल ने परिवादी से 20 हजार रुपए की पहली किस्त प्राप्त कर ली थी। इसके बाद आरोपी जेईएन बाकी बची राशि के लिए सह-परिवादी (पिता के मकान के संदर्भ में) पर लगातार दबाव बना रहा था।
उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और एडिशनल एसपी प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में निरीक्षक अर्चना मीणा ने सोमवार को जाल बिछाया। आरोपी जेईएन संजय कुमार बैरवा ने अपनी कार का लॉक खोलकर सह-परिवादी से 80 हजार रुपए की रिश्वत राशि डैशबोर्ड में रखवा दी और गाड़ी लॉक कर दी। इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी में डैशबोर्ड से रिश्वत के 80 हजार रुपए बरामद हुए और उसके हाथ धुलवाने पर रंग गुलाबी पाया गया। इसके अलावा आरोपी के पर्स से 27,400 रुपए की संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक (IG) एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
29 Jun 2026 08:59 pm
Published on:
29 Jun 2026 08:59 pm
