Lock Down ।। ऊर्जा, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए लॉकडाउन के दौरान आमजन सरकार का पूरा सहयोग करें। कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने में सोशल डिस्टेंसिंग सबसे ज्यादा अहम है। आमजन सोशल डिस्टेंस रखें और खुद व दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान खाने-पीने, दूध, मेडिकल जैसी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही, सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ निरंतर संवाद कर यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कालाबाजारी और महंगाई जैसी स्थितियां न बने। उन्होंने कहा कि यह संकट का समय है और हमें एकजुटता दिखाते हुए सुरक्षित मानदंडों का पालन करना ही होगा।