
टिड्डी दल का हमला, मचा हड़कम्प
कोटा. दिनभर की झुलसा देने वाले भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार शाम को लोग घरों की छतों पर गए तो टिड्डी दल के हमले का सामना करना पड़ा। टिड्डी दल देखकर लोग घरों में दुबक गए और दरवाजे-खिड़कियां बंद कर ली। लाखों की संख्या में टिड्डी दल आधे शहर में दो घण्टे तक इधर-उधर आसमान में घूमता रहा। रात में कहां डेरा डालेगा, इसको लेकर नजर टिकी हुई है। उधर कृषि विभाग के अधिकारी टिड्डी दल पर नजर बनाए हुए हैं। हवा के रुख के साथ रावतभाटा के जंगलों से निकलकर आया टिडडी दल पिछले एक सप्ताह से रावतभाटा और जवाहर सागर के जंगलों में डेरा डाले हुए था। यहां से आगे की ओर रूख कर वापस आ जाता था। संभवत: यही दल शाम को हवा के रूख के साथ कोटा शहर की ओर आ गया। चम्बल पार कर शाम करीब छह बजे शहर में प्रवेश कर गया। लाखों की संख्या में टिड्डी दल का हमला देखकर लोगों में हड़कम्प मच गया।
मंडराता रहा झुण्ड
कृृषि विभाग के अनुसार टिड्डी दल शाम पांच-छह बजे जवाहर सागर बांध के आसपास घूम रहा था, जो हवा का रुख कोटा की तरफ होते ही शहर की ओर आ गया। हैंगिंग ब्रिज की तरफ से चम्बल गार्डन, गोदावरी धाम, दादाबाड़ी, जवाहर नगर होता हुए सीएडी सर्किल, दशहरा मैदान, वल्लभबाड़ी, शॉपिंग सेंटर और पुराने कोटा में ही शाम साढ़े सात बजे तक घूमता रहा। रात आठ बजे टिड्डी दल बारां रोड तक पहुंच गया।
-रावतभाटा क्षेत्र के जंगलों की तरफ से टिड्डी दल आया है, जो करीब एक किलोमीटर लम्बा है। अभी इधर-उधर घूम रहा है। इस कारण स्प्रे नहीं कर पा रहे हैं। रात 11 बजे तक टिड्डी दल जहां भी बैठेगा, वहां ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। स्प्रे मशीन मंगवा ली गई है। मोबाइल टीमें शहर में घूम रही हैं।
रामावतार शर्मा, संयुक्त निदेशक कृषि विभाग कोटा खण्ड
बीकानेर: चार तहसीलों के कई गांवों में पहुंची
बीकानेर. जिले में लगातार आ रही टिड्डियों ने कृषि विभाग व काश्तकारों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार शाम को जिले की चार तहसीलों के कई गांवों में टिड्डियों ने डेरा डाल दिया। सूचना पर कृषि विभाग भी सकते में आ गया। एक साथ भारी संख्या में फैली टिड्डियों ने कुछ एक गांवों में कपास व नरमे की फसल को नुकसान पहुंचाया है। कई गांवों में पेड़-पौधों को टिड्डियां नुकसान पहुंचा रही हैं। टिड्डियों ने एक ही दिन में जिले की नोखा, कोलायत, श्रीडूंगरगढ़, नोखा व बीकानेर तहसील के आधा दर्जन गांवों में दस्तक दी।
यहां पर किया नियंत्रित
कोलायत की रोही, खिंदासर, कोलासर, नोखा के सलुडियां के आसपास बीकानेर तहसील के केशरदेसर जाटाना, मूंडसर, श्रीडूंगरगढ़ के मोमासर व अन्य गांवों में बड़ी संख्या में आई टिड्डियों को कृषि विभाग की अलग-अलग टीमों ने एक हजार हैक्टेयर में नियंत्रित किया।
Updated on:
30 May 2020, 12:22 AM IST
Published on:
30 May 2020, 12:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.