
युवा चेहरों ने भी टिकट के लिए ठोकी ताल, कोई नेता का पुत्र है तो कोई रिश्तेदार, कुछ अपने दम पर कर रहे मांग
अरविन्द शक्तावत / जयपुर. लोकसभा चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में कई सीटों पर युवा चेहरों ने भी टिकट को लेकर ताल ठोकी है। दोनो ही दलों में पांच-छह सीटों पर युवा प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। टिकट मांगने वालों में ज्यादातर युवा छात्र राजनीति में सक्रिय रहे हैं और कॉलेज-विश्वविद्यालयों के अध्यक्ष रह चुके हैं। युवाओं को लेकर विधानसभा चुनावों में भी दोनों ही राजनीतिक दलों ने प्रयोग किया था और इसका परिणाम यह रहा कि दोनो ही दलों में नए चेहरे जो कम उम्र के थे, विधानसभा में पहुंचे थे। युवा दावेदार देश में बड़ी तादाद में युवा वोटर होने का हवाला दे रहे हैं और कह रहे हैं कि नए चेहरों को आगे लाने पर राजनीतिक दलों के खिलाफ किसी तरह की एंटी इंकंबेंसी और विवाद भी नहीं होते।
भाजपा से इनकी दावेदारी
अजमेर-आशीष चतुर्वेदी: भाजपा के आइटी सेल के दो बार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। दो बार युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रह चुुके हैं। वर्तमान में ई लाइब्रेरी प्रकल्प के प्रदेश प्रमुख हैं।
भीलवाड़ा-अविजीत सिंह: पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर के पुत्र हैं। वीपी सिंह भी भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। अविजीत सिंह लम्बे समय से भीलवाड़ा की राजनीति में सक्रिय हैं। 2013 के विधानसभा चुनावों में भी टिकट को लेकर सक्रियता दिखाई थी।
जयपुर-अशोक लाहोटी: राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष रह चुके हैं। जयपुर के महापौर रह चुके हैं और वर्तमान में सांगानेर विधानसभा से विधायक हैं। भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं।
सीकर-भूप सिंह पूनिया: भाजपा से पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं। विश्वविद्यालय लॉ कॉलेज के अध्यक्ष रहे हैंं। पहले भाजपा से कांग्रेस में गए और विधानसभा चुनावों में फिर से भाजपा का दामन थाम लिया।
चूरू-अशोक सैनी: वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। भादरा के रहने वाले हैं और इनका क्षेत्र चूरू लोकसभा क्षेत्र में ही आता है। पार्टी में जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। भादरा के मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
कांग्रेस से इनकी दावेदारी
जयपुर शहर-राजपाल शर्मा: पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक राजकुमार शर्मा के भाई हैं। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। लम्बे समय से एनएसयूआइ व कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं।
जयपुर ग्रामीण-संदीप चौधरी: कांग्रेस की राजनीति में लम्बे समय से सक्रिय हैं और वर्तमान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। लम्बे समय से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। इसी तरह शाहपुरा से कांग्रेस के सिम्बल पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुके मनीष यादव भी लोकसभा का टिकट मांग रहे हैं। सुमित भगासरा भी जयपुर ग्रामीण से टिकट मांग रहे हैं। अजमेर से नरेश चौधरी टिकट मांग रहे हैं।
राजसमंद-बालेंदु सिंह शेखावत: पूर्व विधानसभा एवं वर्तमान विधायक दीपेन्द्र सिंह शेखावत के पुत्र हैं। लम्बे समय से कांग्रेस में सक्रिय हैं। वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस के सचिव हैं। राजसमंद के अलावा चित्तौडग़ढ़ से भी उनकी दावेदारी हो सकती है।
जालोर-सिरोही-वैभव गहलोत: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र हैं और वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव भी हैं। इनका लम्बे समय से लोकसभा चुनाव लडऩे की चर्चा है और खुद मुख्यमंत्री भी इस पर सबसे सामने चर्चा कर चुके हैं।
झुंझुनूं-आकांक्षा ओला: पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. शीशराम ओला के परिवार में शादी हुई है। वर्तमान में राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की सचिव हैं और इस समय महाराष्ट्र महिला कांग्रेस की प्रभारी भी हैं। ओला खुद भी राजनीतिक परिवार से आती हैं।
Published on:
12 Mar 2019 07:30 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
