
कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग पर रोक, पत्रिका फाइल फोटो
LPG Supply Shortage: राजस्थान में एलपीजी संकट बढ़ गया है और सोमवार को पेट्रोलियम मंत्रालय ने गैस कंपनियों को घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति बहाल रखने के आदेश दिए हैं। इसके बाद गैस कंपनियों ने प्रदेश के गैस एजेंसी संचालकों को मैसेज भेज कर कहा है कि किसी भी सूरत में व्यवसायिक सिलेंडर का आर्डर बॉटलिंग प्लांट को नहीं किया जाए।
इस आदेश के बाद एजेंसी संचालकों ने कहा है कि आदेश का सीधा अर्थ है कि व्यवसायिक सिलेंडर की बुकिंग भी नहीं की जाए। व्यवसायिक सिलेंडर पर रोक के बाद अब प्रदेश में शादी-समारोह वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है कि बरातियों और मेहमानों की खातिरदारी कैसे की जाएगी। वहीं इसका सीधा असर अब केटरिंग, होटल और ढाबों पर भी पड़ने वाला है।
जयपुर शहर के एजेंसी संचालकों का कहना था कि 1 हजार से 1500 मेहमानों वाली बड़ी शादी में केटरर्स 15 से 20 सिलेंडर काम में लेता है। ऐसे में व्यवासयिक सिलेंडर के आर्डर नहीं देने के आदेश का सबसे बड़ा असर आने वाले दिनों में होने वाली शादियों की तैयारियों पर आएगा। ऐसे में अब व्यवसायिक सिलेंडर की कालाबाजारी की आशंका भी बढ़ गई है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग बड़े स्तर पर हो सकता है।
होटल,रेस्टोरेंट और ढाबों पर सस्ता खाना मिलना आसान नहीं होगा। क्योंकि इन जगहों पर बहुतायत व्यवसायिक गैस सिलेंडर का ही उपयोग होता है। ऐसे में अब आने वाले दिनों में जब बचा हुआ स्टॉक खत्म होगा तो हालात और बिगड़ेंगे और होटल-रेस्टोरेंट्स में भी खाना महंगा होगा।
जयपुर शहर में सोमवार को कई एजेंसियों पर भरे सिलेंडरों की गाडियां नहीं पहुंची। उपभोक्ता एजेंसी संचालकों से बहस करते दिखे। वहीं एजेंसियों के गोदामों पर खाली सिलेंडरों का ढेर लगता नजर आया। एजेंसियों पर बैठे कर्मचारी एक ही बात कह रहे थे कि आगे से माल आ ही नहीं रहा तो सिलेंडर कहां से दें।
हमें कंपनियों ने कहा है कि व्यवसायिक गैस सिलेंडर का आर्डर नहीं भेजा जाए। अब जितना स्टाक बचा है उस हिसाब से व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति करेंगे और इसके बाद व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जाएगी।
दीपक सिंह गहलोत,अध्यक्ष एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ राजस्थान
Updated on:
10 Mar 2026 07:29 am
Published on:
10 Mar 2026 07:29 am
