जयपुर। जयपुर ग्रेटर नगर निगम की ओर से मानसरोवर के मध्यम मार्ग के व्यापारियों के दिए गए नोटिस का विरोध बढ़ता जा रहा है। नोटिस के विरोध में मध्यम मार्ग बाजार सोमवार को दो बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान पांच किमी के बाजार में व्यापारी पैदल मार्च निकालेंगे। नोटिस के विरोध में लामबंद हुए व्यापारियों ने मानसरोवर महासंघ व्यापार संघर्ष समिति के नेतृत्व रविवार को बुलाई बैठक में यह निर्णय लिया गया। व्यापारियों के विरोध में विधायक अशोक लाहोटी का भी समर्थन मिला।
मानसरोवर व्यापार मंडल संघर्ष समिति के नेतृत्व में व्यापारियों ने मानसरोवर सेक्टर 84 के खेल मैदान में सभा बुलाई, जिसमें विधायक लाहोटी भी शामिल हुए। इस सभा में व्यापारियों ने निर्णय लिया कि कोर्ट में जवाब पेश करने के साथ-साथ ही चरणबद्ध तरीके से सरकार के सामने भी व्यापारी अपनी बात रखेंगे, समय तय करते हुए विरोध स्वरूप पैदल मार्च निकाला जाएगा और दुकानें बंद कर विरोध दर्ज कराएंगे।
सभा में विधायक अशोक लाहोटी ने कहा कि यह व्यापारियों की बहुत बड़ी पीड़ा है। जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता है, तब तक फूल माला नहीं पहनूंगा। उन्होंने कहा कि मध्यम मार्ग का लैंड यूज पहले से ही मिश्रित यूज़ करने के आदेश है, 2014 में इसके लिए आवेदन भी नगर निगम ने लिए, लेकिन आज तक स्वीकृतियां जारी नही की गई है। लाहोटी ने कहा कि कोर्ट में नगर निगम और राज्य सरकार ने सही तरह से पक्ष नहीं रखा। इस वजह से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मध्यममार्ग के जैसे जयपुर शहर में 1.5 लाख और प्रदेशभर 10 लाख दुकानें है, जिन पर संकट उत्पन्न हुआ है।
सभा में ये हुए शामिल
रामतीर्थ व्यापार मंडल के संरक्षक व संघर्ष समिति के मुकेश लख्यानी, सद्भावना व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक जग्गा, जयपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित सिंह साचोरा, सेंट्रल व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज गोठवाल, आदर्श व्यापार मंडल के रामअवतार शर्मा, पटेल मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, विजयपथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश अरोड़ा, थड़ी मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश चौधरी सहित कई बाजारों के व्यापारी शामिल हुए।