
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर बैठक में कई मंत्री और विधायकों की दूरी
राजस्थान में कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर शनिवार को जयपुर संभाग के नेताओं की प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बैठक हुई। बैठक में कई मंत्री और विधायक नदारद भी थे और राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस पर अपनी नाराजगी भी जताई। वहीं बैठक में प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा और पूर्व विधायक श्रवण कुमार की संगठन के खाली पद अभी तक नहीं भरने को लेकर नोंकझोंक भी हो गई। बाद में प्रभारी रंधावा ने बीच में हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान प्रारम्भ हुआ है, प्रदेश के सभी कांग्रेसजन गांव-गांव, ढाणी-ढाणी, बूथ एवं हर घर जाकर जनसम्पर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन ब्लॉक स्तर पर पदयात्राएं निकालकर राहुल गांधी का संदेश, राजस्थान की कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी तथा केन्द्र की भाजपा सरकार की विफलताओं के पर्चे वितरित करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत् सभी घरों पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का स्टीकर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों का उल्लेख कर अपने प्रचार के पर्चे भी घर-घर पहुंचाए। उन्होंने कहा कि वे तथा प्रभारी रंधावा लगातार फील्ड में रहेंगे और जनता के बीच कार्यकर्ताओं के साथ जाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र चल रहा है, इसलिए सभी विधायक जिस दिन विधानसभा का अवकाश हो, अपने-अपने क्षेत्रों में पदयात्रा में शामिल हों तथा सभी विधायक अपने कार्यकर्ताओं, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधि को निर्देश दें कि विधानसभा सत्र के दौरान भी क्षेत्र में पदयात्रा निरन्तर चलती रहे। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की सफलता प्रदेश में पुन: कांग्रेस सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक नियुक्तियों की कवायद जारी है, शीघ्र ही शेष ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष घोषित हो जाएंगे तथा जहां ब्लॉक अध्यक्ष घोषित हो चुके हैं उन ब्लॉकों की कार्यकारिणी बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अनुमोदन हेतु शीघ्र भेजें।
राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने कहा कि जो जनता के बीच जाएगा तथा जनता के काम करेगा वह पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी जनता के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं उसी प्रकार सभी कांग्रेसजनों को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत काम करना है। उन्होंने कहा कि जिस मेहनत एवं लगन के साथ 1979 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वापसी के लिए मेहनत की थी, उसी प्रकार अभियान के तहत पुन: केन्द्र में सरकार बनाने का कार्य करना है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस परिवार से आते हैं तथा पार्टी के अच्छे व बुरे दिन उन्होंने देखे हैं।
Published on:
28 Jan 2023 08:09 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
