
pcc jaipur
जयपुर। देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से 12 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महंगाई हटाओ महारैली की तैयारियों को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महामंथन बैठक होने जा रही है। दोपहर 2 बजे होने वाली महामंथन बैठक में प्रदेश प्रभारी अजय माकन, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पार्टी के अग्रिम संगठनों के प्रमुखों को बैठक में बुलाया गया है, जहां वे पार्टी नेताओं को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी देंगे। प्रदेश प्रभारी अजय माकन बैठक में भाग लेने के लिए दोपहर 2 बजे दिल्ली से जयपुर पहुंचेंगे और उसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।
मंत्रिपरिषद की बैठक में हो चुकी है रैली पर चर्चा
इससे पहले दिल्ली में प्रस्तावित महंगाई हटाओ रैली को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंत्रिपरिषद की बैठक में चर्चा कर चुके हैं। हाल ही में हुई मंत्रियों की बैठक में भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तमाम मंत्रियों को रैली को सफल बनाने का टारगेट दिया था।
राजस्थान को बड़ा टारगेट
दरअसल दिल्ली में प्रस्तावित महंगाई हटाओ रैली में भीड़ जुटाने का टारगेट कांग्रेस शासित राज्यों राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ को ज्यादा मिला है, इनमें भी राजस्थान को तकरीबन 50 हजार का टारगेट दिया गया है, हालांकि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा 35 से 40 हजार की भीड़ जुटाने का दावा कर रहे हैं।
राजस्थान को मिले टारगेट की एक वजह यह भी
राजस्थान को बड़ी भीड़ जुटाने के मिले टारगेट की एक वजह यह भी है कि यहां पर पार्टी की सरकार है और भीड़ जुटाने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रहने वाली है। साथ ही अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर और सीकर जिले को ज्यादा टारगेट दिया गया है चूंकिि यह जिले दिल्ली के ज्यादा नजदीक हैं।
पीसीसी में बनाया कंट्रोल रूम
इधर रैली की तैयारियों को लेकर प्रदेश कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है जो लगातार निवर्तमान जिलाध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रैली की तैयारियों को लेकर निर्देश दे रहे हैं।
हाईवे पर बनेंगे चेक पोस्ट
दिल्ली में होने वाली रैली के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग 8 पर कई जगह चेक पोस्ट भी बनाए जाएंगे जहां पर कौन नेता कितनी भीड़ लाया है , बाकायदा उसके एंट्री की जाएगी। गौरतलब है कि कोरोना काल में कांग्रेस की ऐसी पहली बड़ी रैली होने जा रही है जिसमें देशभर से कार्यकर्ताओं को दिल्ली बुलाया गया है।
Published on:
30 Nov 2021 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
