
राजस्थान में बारिश की चेतावनी (फाइल फोटो-पत्रिका)
Rajasthan Monsoon Rain Alert: जयपुर। राजस्थान में मानसूनी गतिविधियों को लेकर राहत भरी खबर है। मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति की ओर लौट आई है, जिसके चलते आगामी दिनों में प्रदेशभर में मानसून के एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होने की प्रबल संभावना बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, दिल्ली, लखनऊ और रांची से होकर गुजर रही है।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाओं के प्रभाव से राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। उधर, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई थी और कई जिलों में वर्षा के नए रिकॉर्ड बने थे।
लेकिन इस बार मौसम का पैटर्न अलग नजर आ रहा है। यदि जुलाई के अंतिम दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो लगातार सामान्य से अधिक वर्षा का सिलसिला टूट सकता है और प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा की कमी दर्ज हो सकती है।
अलवर के कठूमर इलाके में दोपहर करीब 1:15 बजे तेज बारिश हुई। बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। धौलपुर जिले में सुबह 8 बजे से दोपहर तक बारिश हुई। बारिश की वजह से शहर में जगह-जगह पानी भर गया है। जगन चौराहे पर लोगों को परेशानी हो रही है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 20 जुलाई को जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोटा और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
21 और 22 जुलाई से प्रदेश में बारिश का दायरा और बढ़ेगा। कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 से 27 जुलाई के दौरान पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह मेहरबान रहेगा। इस दौरान कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा और लगातार बारिश का दौर जारी रहने की प्रबल संभावना है। इससे प्रदेशवासियों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
Updated on:
20 Jul 2026 03:51 pm
Published on:
20 Jul 2026 03:51 pm
