
देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट | फोटो सोर्स- patrika.com
Weather News: देश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान समेत कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 19 जुलाई को भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
20 जुलाई से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बारिश शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शुरुआत में कुछ इलाकों में बारिश होगी, लेकिन 21 से 25 जुलाई के बीच इसका असर बढ़ सकता है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। वहीं, कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 19 और 20 जुलाई को, जम्मू-कश्मीर में 20 से 22 जुलाई के बीच और हिमाचल प्रदेश में 20 और 21 जुलाई को भारी भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में भूस्खलन, बादल फटने का खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 20 से 25 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 21 से 24 जुलाई तक कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी 20 से 22 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक और कई अन्य राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। IMD ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
Updated on:
20 Jul 2026 02:56 pm
Published on:
20 Jul 2026 02:36 pm
